Today Breaking News

गाजीपुर शहर में DM और SP ने दो पिंक पुलिस बूथ का किया शुभारंभ; SP बोले- 20 हजार CCTV कैमरों की जद में है जिला

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मिशन शक्ति के तहत गाजीपुर शहर (Ghazipur City News) में दो पिंक पुलिस बूथ का शुभारंभ किया गया। DM और SP ने महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिये बीती देर शाम पिंक पुलिस बूथों का शुभारंभ किया। शहर के महुआबाग, लंका इलाके मे पिंक बूथ शुरु किये गये। पिंक बूथ के जरिए महिलाओं और छात्राओं की सहायता की जायेंगी। महिला सुरक्षा एवं महिला अपराधों मे त्वरित कार्रवाई के लिये पुलिस पिंक बूथों की शुरुआत की गयी है।

जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा लंका और महुवाबाग तिराहे पर पिंक बूथ का उद्घाटन फीता काटकर किया गया। उद्घाटन के बाद डीएम-एसपी द्वारा स्कूल की छात्राओं, महिलाओं से बात करते हुए बताया गया कि पिंक बूथ खुलने के बाद बालिकाओं तथा स्कूल में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर या उन्हें किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका होने पर वे अपनी समस्या पिंक बूथ पर नियुक्त महिला पुलिस अधिकारी को बता सकती है।

जिससे तत्काल उनके खिलाफ अपराध करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही की जा सके। छात्राओं तथा महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 112, 1090, 1098, 181, 102 इत्यादि के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति में इन नंबरों का इस्तेमाल करने के लिए उन्हें प्रेरित किया गया।

बताया गया कि इन नंबरों पर उनके कॉल रिसीव करने के लिए महिला कर्मचारी ही नियुक्त की गई है। साथ ही साथ एसपी द्वारा ऑपरेशन त्रिनेत्र की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि पूरे जनपद में अभी तक लगभग 20 हजार सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस उपाधीक्षक नगर, थाना कोतवाली प्रभारी आदि मौजूद थे।

'