Today Breaking News

अयोध्या से 4 जनवरी से चलेगी पहली वंदे भारत एक्सप्रेस, देखें शेड्यूल; 6 जनवरी से शुरू होगी फ्लाइट सेवा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, अयोध्या. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 दिसंबर को अयोध्या वासियों को वंदे भारत ट्रेन और फ्लाइट की बड़ी सौगात दी। वंदे भारत ट्रेन का नियमित संचालन चार जनवरी और फ्लाइट का छह जनवरी से शुरू हो जाएगा। भारतीय रेलवे ने वंदे भारत ट्रेन संख्या 22425 अयोध्या कैंट-आनंद विहार टर्मिनल और 22426 आनंद विहार टर्मिनल-अयोध्या कैंट को लेकर समय सारिणी जारी कर दिया है। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। वहीं 6 जनवरी से दिल्ली से अयोध्या और अयोध्या से दिल्ली के मध्य नियमित फ्लाइट सेवाएं शुरू हो जाएगी।
अयोध्या कैंट से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। ट्रेन का संचालन बुधवार को नहीं होगा। रेल प्रशासन ने वंदे भारत ट्रेन को लेकर समय सारणी जारी कर दिया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने बताया कि 22425 और 22426 वंदे भारत एक्सप्रेस 4 जनवरी से रवाना होगी।

ट्रेन संख्या 22425 अयोध्या कैंट-आनंद विहार टर्मिनल वंदे भारत अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन से गुरुवार दोपहर 15:20 बजे रवाना होगी। 17:15 बजे पर लखनऊ पहुंचेगी, लखनऊ से 17:20 बजे रवाना होकर 18:35 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी, जहां से 18:40 बजे रवाना होकर आनंद विहार टर्मिनल 23:40 बजे रात में पहुंचेगी।

वहीं 22426 आनंद विहार टर्मिनल से सुबह 6:10 बजे से चलकर 11:05 बजे कानपुर सेंट्रल, दोपहर 12:30 बजे लखनऊ और अयोध्या कैंट शाम साढ़े चार बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन आठ घंटे 20 मिनट में अयोध्या से आनंद विहार तक सफर तय करेंगी।
यात्रियों को 1570 और 2915 रुपए चुकाने पड़ेंगे
अयोध्या से दिल्ली और दिल्ली से अयोध्या तक के सफर के लिए वंदे भारत ट्रेन में (CC) चेयरकार में 1570 और एग्जीक्यूटिव क्लास (EC) के लिए 2915 रुपए किराया निर्धारित किया गया है।
छह जनवरी से अयोध्या से दिल्ली के लिए शुरू होगी नियमित विमान सेवा
प्रधानमंत्री के उद्घाटन के बाद छह जनवरी से दिल्ली एयरपोर्ट से महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या और अयोध्या से दिल्ली एयरपोर्ट तक की नियमित सेवा शुरू हो जाएगी। इंडिगो की पहली फ्लाइट 6 जनवरी को सुबह 11:55 बजे पर दिल्ली से उड़ान भरेंगी। दोपहर 1 बजकर 15 मिनट पर अयोध्या पहुंचेगी। यह फ्लाइट 1 बजकर 45 मिनट पर अयोध्या महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट से रवाना होगी। 3 बजे दिल्ली पहुंचेगी। फ्लाइट 1 घंटा 20 मिनट पर दिल्ली से अयोध्या की दूरी तय होगी।
11 से अहमदाबाद और 15 से मुंबई के लिए भी अयोध्या से उड़ेंगे विमान
11 जनवरी से अहमदाबाद से अयोध्या और अयोध्या से अहमदाबाद के लिए उड़ानें मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होंगी। अहमदाबाद और अयोध्या के बीच सप्ताह में 3 दिन उड़ान भरेंगी। 11 जनवरी को फ्लाइट सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर अहमदाबाद से उड़ान भरेगी और 11 बजे अयोध्या पहुंचेगी। फिर रात साढ़े 11 बजे अयोध्या से उड़ान भरेगी। 1 बजकर 40 मिनट पर अहमदाबाद पहुंचेगी।
मुंबई से अयोध्या के लिए सीधी फ्लाइट 15 जनवरी से शुरू
मुंबई से अयोध्या के लिए सीधी फ्लाइट 15 जनवरी से शुरू होगी। अयोध्या से दोपहर सवा 3 बजे इंडिगो की फ्लाइट उड़ान भरेगी। शाम 5 बजकर 40 मिनट पर मुंबई पहुंचेगी। 2 घंटा 25 मिनट का सफर पूरा होगा।
'