Today Breaking News

गाजीपुर में महामंडलेश्वर स्वामी भवानीनन्दन यति बोले- श्रीराम मंदिर निर्माण जीवन का सौभाग्य है

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. अयोध्या में श्रीराम मन्दिर निर्माण को लेकर शुरू हुई भारत अभ्युदय श्रीराम रथयात्रा को सिद्धपीठ हथियाराम मठ परिसर से पीठाधिपति महामंडलेश्वर स्वामी भवानी नन्दन यतिजी महाराज ने धर्म ध्वजा दिखाकर रवाना किया। जय श्रीराम और हर हर महादेव के जयघोष से समूचा अंचल गुंजायमान हो उठा।
युगद्रष्टा स्वामी विवेकानंद की जयंती के शुभ अवसर पर भारत अभ्युदय श्रीराम रथ यात्रा को धर्म ध्वजा दिखाकर रवाना करते हुए पीठाधिपति एवं जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी भवानी नन्दन यति महाराज ने कहा कि हिन्दू समाज की दृढ़ता और जबरदस्त इच्छाशक्ति के परिणाम स्वरुप 500 वर्षों की प्रतीक्षा तथा बीस पच्चीस पीढियों के संघर्ष के उपरांत यह शुभ दिन आया है।

बाबर ने तलवार के दम पर जिस आस्था का विध्वंस चाहा था, वह पांच सौ वर्षों बाद जन आस्था की शक्ति से रामलला की प्राणप्रतिष्ठा द्वारा पुनः स्थापित हो रही है। लोकमंगल, जनमत सुशासन, सुव्यवस्था, स्वतन्त्रता, समानता, न्याय, बंधुत्व की जड़ें रामराज्य से निकलती हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम राम राष्ट्र हैं तो माता सीता राष्ट्र की संस्कृति हैं। विश्व संस्कृति में फैले रामतत्त्व तक मनुष्य के लिए जो भी सर्वोत्तम है, वह राम है।
राम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा भारत में रामराज्य की स्थापना एवम् विश्व गुरू बनने का प्रस्थान विन्दु है। रामराज्य की स्थापना से आशय है, विकसित और समर्थ भारत बनाना।
प्राण प्रतिष्ठा प्रचार अभियान समिति काशी प्रांत संयोजक डॉ. संतोष यादव के नेतृत्व में निकली यह भारत अभ्युदय श्रीराम रथ यात्रा जनपद के सभी नगरों और गांव में घूम-घूम कर राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन लोगों से अपने अपने घरों में उत्सव मनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दे रही है।
'