Today Breaking News

भाजपा ने चंदौली की साधना सिंह को दिया राज्य सभा का टिकट, जानिए अब तक का सफर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, चंदौली. पूर्व विधायक साधना सिंह को भाजपा ने राज्यसभा सदस्य पद का उम्मीदवार घोषित किया है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से रविवार की शाम जारी हुई सूची उनका भी नाम शामिल है।
पूर्व विधायक के राज्यसभा के लिए नामित होने की जानकारी के बाद समर्थकों में भारी उत्साह है। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत तीन दशक पहले वर्ष 1993 में भाजपा से ही की थी। इसके बाद उन्होंने पार्टी में कई पदों का दायित्व संभाला। वह दो बार भाजपा महिला मोर्चा चंदौली की अध्यक्ष भी रहीं।

पार्टी के फैसले पर जताया आभार
पार्टी के फैसले पर साधना सिंह ने कहा कि भाजपा में सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान है। जिला मुख्यालय के बबुरी रोड निवासी साधना ने चंदौली में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। उनके पति छविनाथ सिंह कृषक व व्यापारी हैं। उनकी तीन संतान हैं। ज्येष्ठ पुत्र अमन सिंह जेल अधीक्षक (प्रशिक्षु) लखनऊ मुख्यालय में तैनात हैं। दूसरा बेटा नमन सिंह शिक्षा ग्रहण कर रहा। तीसरी संतान बेटी ज्योत्सना सिंह हैं।

साधना सिंह राजनीति में आने से पहले व्यापारिक संगठनों से जुड़कर उनके हित के लिए काम करतीं थीं। 2017 में भाजपा ने विधानसभा चुनाव में उन्हें मुगलसराय विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया। इस चुनाव में उन्होंने भारी अंतर से जीत हासिल की।

धैर्य आया काम, पार्टी ने दिया राज्यसभा का टिकट
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उनके स्थान पर रमेश जायसवाल को उम्मीदवार बना दिया था। हालांकि टिकट कटने के बाद भी साधना सिंह ने धैर्य नहीं खोया और संगठन से जुड़कर पार्टी के लिए काम करती रहीं। उनको इसका लाभ भी मिला। उन्हें पार्टी ने राज्यसभा का टिकट दे दिया है।

पूर्व विधायक ने बताया कि संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने हमेशा कार्यकर्ताओं की मेहनत और निष्ठा को आत्मसात किया है। इसी के चलते उन्हें पार्टी की ओर से उन्हें राज्यसभा भेजने का फैसला किया गया है।

पूर्व विधायक का अब तक का सफर
साधना सिंह ने वर्ष 1993 में भाजपा की सदस्यता ली। वर्ष 2000 में जिला पंचायत सदस्य के तौर पर सकलडीहा के सेक्टर नंबर दो से निर्वाचित हुईं। वर्ष 2000 में भाजपा की जिला मंत्री और 2002 से 2008 तक महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष भी रहीं।

वर्ष 2007 में उन्हें जिला उद्योग व्यापार मंडल का जिलाध्यक्ष चुना गया। वर्ष 2011 से 2014 तक दोबारा जिला उपाध्यक्ष बनाया गया। वर्ष 2014 में बीजेपी ने उन्हें प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य के तौर पर चुना। 2016 में उन्हें फिर से कार्यसमिति सदस्य के तौर पर चुना गया। 2017 में पहली बार मुगलसराय सीट से भाजपा की विधायक चुनी गईं। (मीडिया इनपुट्स के साथ)
'