Today Breaking News

मणिपुर के पूर्व डीजी आनंद प्रकाश का निधन, गाजीपुर पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. मणिपुर के पूर्व डीजी आनंद प्रकाश का बीती रात लखनऊ में निधन हो गया। कूकी और मैतई समुदाय के बीच चल रहे संघर्ष और टकराव को कंट्रोल करने में बड़ी भूमिका निभाने वाले आनंद का पैतृक गांव गाजीपुर के सैदपुर स्थित एकावसपट्टी सरवरपुर भीतरी में हैं। जहां उनका कुछ देर बाद अंतिम संस्कार पारिवारिक परंपरा के अनुसार होगा। परिजनों के अनुसार उनका शव दफ़नाया जाएगा।
राष्ट्रपति पुरस्कार से हुए थे सम्मानित
गौरतलब है कि सैदपुर के ग्राम सभा एकावसपट्टी सरवरपुर भीतरी निवासी आईपीएस आनंद प्रकाश वर्ष (67) 1986 में मणिपुर की सिविल सेवा में शामिल हुए थे। आनंद के पिता जयनरायण प्रकाश डीएसपी थे। बीते वर्ष 2018 में आनंद मणिपुर के डीजी पद पर कार्यरत रहे। उन्होंने वहां की मैतई और कुकी समुदाय के बीच हो रहे टकराव को कंट्रोल करने में अहम भूमिका निभाई। जिसके लिए मुख्यमंत्री एन वीरेन सिंह द्वारा राष्ट्रपति पुरस्कार सौंपा गया। इसके कुछ वर्ष पूर्व भी आनंद को राष्ट्रपति पुरस्कार मिला था।
ब्रेन हैमरेज के बाद हुआ निधन
वर्ष 2018 में ही आनंद डीजी पद से रिटायर हुए। आनंद प्रकाश वर्तमान में लखनऊ के गोमती नगर में अपने पत्नी गायत्री और बच्चों के साथ रह रहे थे। सबसे बड़ी पुत्री समीक्षा की शादी हो चुकी है। बड़ा पुत्र शाश्वत और सृजन अभी पढ़ाई कर रहे हैं। जानकारी अनुसार दो दिनों पूर्व अचानक आनंद प्रकाश की तबीयत खराब हो गई। सभी उनको लखनऊ स्थित एक निजी चिकित्सालय ले गए। जहां डॉक्टर ने बताया कि उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया है। वही इलाज के दौरान बीती रात आनंद प्रकाश का निधन हो गया।
आनंद प्रकाश के छोटे भाई मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर सत्य प्रकाश ने बताया कि परिवार के साथ घर के लोग डेड बॉडी लेकर लखनऊ से चल चुके हैं। पैतृक गांव में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। हम लोग अपने पारिवारिक परंपरा अनुसार शव को जलाते नहीं, बल्कि दफनाते हैं। जिसकी तैयारी की जा रही है। आनंद के बड़े पुत्र शाश्वत के माध्यम से ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अंतिम संस्कार के पूर्व दिया जाएगा पुलिस सम्मान
सैदपुर पुलिस क्षेत्राधिकारी शेखर सेंगर ने बताया कि क्षेत्र के बॉर्डर से पूर्व डीजी के शव को रिसीव करने के लिए पुलिस गई हुई है। डेड बॉडी घर तक पहुंचाने के बाद, पुलिस सम्मान दिया जाएगा। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार होगा
'