Today Breaking News

गाजीपुर में कांग्रेस के जन संवाद कार्यक्रम में नाराज कार्यकर्ता ने ब्लाक अध्यक्ष को मंच पर पीटा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां में कांग्रेस के जनसंवाद कार्यक्रम में जमकर लात घूंसे चले। मनोज कुशवाहा नाम का युवक मंच पर पहुंचकर ब्लॉक प्रमुख की पिटाई करने लगा। वह पार्टी की तरफ से लगाए गए बैनर पर खुद का नाम न होने से नाराज था। इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का मच गई। लोगों ने किसी तरह से बीच बचाव किया और युवक को वहां से भगा दिया।
जमानियां के रामलीला मैदान में कांग्रेस का जनसंवाद कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव डाक्टर जनक कुश्वाहा भी पहुंचे थे। राहुल गांधी की न्याय यात्रा को लेकर जिला संगठन के कार्यकर्ता भी इस कार्यक्रम में शामिल थे।
वहां मौजूद लोगों ने बताया कि मनोज कुशवाहा मीटिंग के दौरान ही आया। बैनर पर अपना नाम न देखकर नाराज हुआ। मंच पर बैठे कांग्रेस कमेटी के ब्लाक अध्यक्ष नसीम अहमद का अचानक कॉलर पकड़ा और मारने पीटने लगा। मीटिंग में कांग्रेस के कार्यकर्ता ने बीच बचाव किया। नसीम अहमद को बचाया गया। युवक को वहां से भगा दिया।
कपड़े की दुकान चलाता है मनोज
मनोज कुमार जमानियां के नरियांव गांव का रहने वाला है। गांव के लोग बताते हैं कि वह कपड़े की दुकान चलाता है और कांग्रेस के कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेता रहता है। हालांकि कांग्रेस के लोगों ने कहा कि उससे पार्टी का लेना देना नहीं है। बाहरी लोगों ने साजिश के तहत मनोज को भेजकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। हालांकि मनोज के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई।
'