Today Breaking News

सपा के प्रदेश राज्य कार्यकारिणी के सदस्य बने गाजीपुर के मसीहुल हक खान, समर्थकों में खुशी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां (Zamania News) क्षेत्र के रमवल गांव निवासी एवं सपा के प्रदेश सचिव मसीहुल हक खान को बुधवार को सपा के राज्य कार्यकारिणी का प्रदेश सदस्य नियुक्त किया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी।

इसकी जानकारी गांव सहित उनके समर्थकों को हुई तो सभी में खुशी की लहर दौड पड़ी, लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिला इसका जश्न मनाया, पार्टी कार्यकर्ताओं ने एम एच खान को राज्य कार्यकारिणी का प्रदेश सदस्य बनाए जाने पर सपा मुखिया अखिलेश यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर समर्थकों ने कहा कि एक दिन हमारे गांव का यह लाल प्रदेश की राजनीति में‌ ही नहीं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धमक दिखाते हुए शिखर तक पहुंचेगा।

बातचीत में एम एच खान ने अपने को सपा पार्टी का राज्य कार्यकारिणी का प्रदेश सदस्य नियुक्त किए जाने पर सपा मुखिया अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष के प्रति धन्यवाद देते हुए कहा कि पार्टी ने जो मुझे जिम्मेदारी दी है, उसका मै पूरी निष्ठा और ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करते हुए पार्टी को मजबूत बनाने का काम करूंगा।

एम एच खान ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज‌ यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है, आज देश का संविधान और लोकतंत्र‌ दोनों खतरे में है। कहा कि सपा ही एक ऐसी पार्टी है जो संविधान और लोकतंत्र का सम्मान करती है। कहा कि वर्तमान सरकार में चारो तरफ अराजकता है, सरकार नौजवान, किसान और युवा विरोधी है। कहा कि यह सरकार धर्म के नाम पर राजनीति कर देश में नफरत फैलाने में जुटी है। 2024 के लोकसभा के आम चुनाव में भाजपा का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा।

मालूम हो कि मसीहुल हक खान( एम एच खान) ने सेना से 1993 में हवलदार के पद से रिटायर होने के बाद 1994 में‌ बसपा से राजनीति की शुरूआत कि, इसके बाद 2021 में‌ सपा का दामन थामा। जिसके बाद उन्हें प्रदेश सचिव बनाया गया ।

'