Today Breaking News

गाजीपुर की बेटी भावना ने तीरंदाजी प्रतियोगिता में लहराया परचम, जीता सिल्वर मेडल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां अंतर्गत बरूइन गांव निवासी एवं राष्ट्रीय तीरंदाज भावना सिंह ने नई दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में‌ आयोजित एनटीपीसी खेलो इंडिया जोनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल एवं 15 हजार नगद धनराशि जीतकर प्रदेश और जिले का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है।
अपनी बेटी की इस सफलता की जानकारी जैसे ही उसके गांव और खेल प्रेमियों सहित उसके होम प्रशिक्षण केन्द्र द्रोणा तीरंदाजी अकेडमी जमानियां के लोगों को हुई तो सभी में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। लोगों ने उम्मीद जताया कि एक दिन हमारे गांव की यह होनहार खिलाड़ी भारतीय टीम की ओर से अंतरराष्ट्रीय पटल पर खेलते हुए देश के लिए गोल्ड पर जरूर निशाना लगाएगी।

भावना सिंह ने बताया कि उसकी इस सफलता का श्रेय कोच सतीश दुबे के साथ ही माता-पिता के आशीर्वाद और दोस्तों के सहयोग को जाता है। उसने बताया कि उसकी सफलता का एक और राज वह बीए द्वितीय वर्ष में अध्ययन करने के साथ ही सुबह शाम समय निकाल कर अभ्यास भी है।

सिल्वर पदक विजेता भावना सिंह ने बताया कि उसके पिता अरविन्द सिंह एक साधारण किसान है। वह दो बहन और एक भाई, जिसमें वह माझिल है। उसने बताया कि सफलता की सीढ़ी पर चढ़ना है तो नियमित अभ्यास के साथ ही कोच का उचित निर्देशन और खेल के प्रति समर्पण रहना जरूरी है।

कोच सतीश दुबे ने बताया कि भावना की यह सफलता द्रोणा तीरंदाजी अकेडमी के लिए ही नहीं है, पूरे खेल प्रेमियों की है। बताया कि भावना द्रोणा तीरंदाजी एकेडमी जमानियां की प्रशिक्षु तीरंदाज हैं, जो रिकर्व स्पर्धा के जूनियर कैटेगरी में खेलती हैं।

कोच सतीश दुबे ने बताया कि भावना सिंह ने अब तक कुल 40 मेडल जीत चुकी है, जो उसके बेहतर खेल कौशल को प्रदर्शित करता है। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त अमीषा चौरसिया, चंद्र प्रकाश उपाध्याय उर्फ लीली आदि अन्य खिलाड़ी जो द्रोणा तीरंदाजी एकेडमी के प्रशिक्षु है, विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना परचम लहरा चुके हैं।
'