Today Breaking News

गाजीपुर में जयघोष के साथ हुआ होलिका दहन, ढोल-नगाड़े के साथ फगुआ गीत गाते हुए युवाओं ने मचाया धमाल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. होली की पूर्व संध्या पर होलिकोत्सव रविवार को धूमधाम से मनाया गया। युवाओं व बच्चों की टोली ने ढोल- नगाड़े की थाप पर फगुआ गीत गाते जमकर डांस किया। सभी ने होलिका दहन के साथ ही पुराने गिले-शिकवे को होलिका की आग में झोंका और एक-दूसरे को गले लगाया। शुभ मुहूर्त में होलिका में आग लगाई तो हर ओर होली है... का शोर रात के सन्नाटे को चीरता रहा।
होलिका दहन के साथ ही गाज़ीपुर की फिजां में होली की मस्ती घुल गई। गांवों से लेकर शहर तक फागुन का उल्लास हर किसी के सिर चढ़कर बोलने लगा। देर रात मुहूर्त के अनुसार होलिका का दहन किया गया। होलिका दहन के साथ ही रंग उत्सव की धूम शुरू हो गई। आपसी एकता एवं भाई चारे का पावन पर्व होली की पूर्व संध्या पर होलिका दहन स्थल पर हवन पूजन कर हर्ष उल्लास के साथ परम्परागत रूप से होलिका जलाई गई। इस अवसर पर हर्ष और उत्साह से फाग गीत गाया गया।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा पुलिस लाइन में पूजन अर्चन के बाद होलिका दहन किया गया। इसके बाद एसपी द्वारा बच्चों को रंग,गुलाल, अबीर तथा पिचकारी बाटकर होलिका दहन का कार्यक्रम संपन्न किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर व ग्रामीण व अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
जिले भर में होली का त्योहार शुरू हो गया है। जहां एक ओर रविवार को होलिका पूजन किया गया वहीं दूसरी ओर सोमवार को फाग यानी रंग-गुलाल के साथ त्योहार मनाया जाएगा। दिन भर होलिका पूजन का दौर चला और शाम को होलिका दहन में भी श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

मान्यता है कि होली के एक दिन पहले होलिकोत्सव मनाई जाती है जो अनादिकाल की परंपरा है। इस मौके पर जहां लोग होलिका के चारों ओर चक्कर लगाते हुए जोगीरा करते हैं, वहीं होलिका सजाने के लिए युवा व बच्चे एक सप्ताह से झाड़-फूस व लकड़ी एकत्र करने में जुटे थे। सुबह से ही युवाओं ने टोली बनाकर घर-घर जाकर चंदा वसूला। देर रात तक जयकारे के साथ फाग गीत गाते, कबीरा बोलते लोगों ने होलिका जलाई।
धार्मिक कथाओं के अनुसार होलिका दहन की कहानी विष्णु भक्त प्रह्लाद, उसके राक्षस पिता हिरण्यकश्यप और उसकी बुआ होलिका से जुडी हुई है। मान्यता है कि होलिका की आग बुराई को जलाने का प्रतीक है। इसे छोटी होली के नाम से भी पुकारा जाता है। इसके अगले दिन बुराई पर अच्छाई की जीत के उपलक्ष्य में होली मनाई जाती है।
त्योहारों में किसी भी दुर्घटना आदि की दशा से निपटने के लिये जिला चिकित्सालय सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। चप्पे चप्पे पर पुलिस की मुस्तैदी बनी हुई है। जिला प्रशासन ने सौहार्द पूर्वक त्यौहार मनाने की अपील की है।
'