Today Breaking News

गाजीपुर में होली के जश्न में डूबा शहर से लेकर गांव, युवाओं ने खेली कपड़ा फाड़ होली; पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में समेत पूरे देश में रंगों का त्योहार होली धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। लोग सुबह से ही रंगों में सराबोर दिख रहे हैं। गाजीपुर शहर के लंका, गोराबाजार, मिश्रबाजार, रौजा समेत ब्राम्हणपुरा, सुहवल, गहमर, कासिमाबाद, सैदपुर, जखनिया आदि तमाम ग्रामीण इलाकों में लोग होली के रंग में सराबोर दिखे। चारों ओर होली की धूम मची हुई है।
शहर और इसके आसपास क्षेत्रों में होली की मस्ती में लोग डूबे हुए हैं। फगुआ के गीत पर लोग झूमते रहे। युवाओं की टोली गली मोहल्लों में घूम-घूम कर एक दूसरे को रंगने में मशगूल रही। वहीं तमाम जगहों पर लोग मस्ती में थिरकते भी नजर आए।
वहीं सेवराई में युवाओं की कपड़ा फाड़ होली खास रही। युवाओं की टोली एक दूसरे का कपड़ा फाड़ते हुए रंग भरी होली खेलते दिखे। इतना ही नहीं उस राह गुजरने वाले लोग भी इनके इस जोश का शिकार हुए। लोगों की माने तो यहां पर इस तरह होली मनाने का रिवाज सालों पुराना है।
वहीं दूसरी ओर होली पर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा। खुद जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ शहर समेत के ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करते दिखे। पुलिस फोर्स भी चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद देखने को मिली।
गौरतलब है कि प्राचीन काल से होली का त्योहार मनाया जाता है। यह त्योहार भारत में ही नहीं पूरी दुनिया में मनाया जाता है। प्राचीन काल में होली केवल फूलों से या फूलों से बने रंगों से ही खेलने का प्रचलन था। परंतु आधुनिक समय में रंगों व गुलाल से होली खेली जाती है। इस दिन तरह-तरह के पकवान बनते हैं जैसे गुझिया, मठरी आदि। रंगों के इस त्योहार में लोग गिले-शिकवे भूलकर एक-दूसरे को गले मिलते हैं।
'