Today Breaking News

गाजीपुर जिले में बारातियों की पिटाई से दुल्हन के दादा की हुई थी मौत; 1 गिरफ्तार; 2 फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के बांकी खुर्द गांव में रामजीत चौहान की पुत्री की प्रियंका चौहान की 2 मार्च को शादी थी। शादी की तैयारी पूरे जोरशोर पर चल रही थी। तय समय पर बिहार प्रान्त के बक्सर जिले जमुई दिवारा गांव से बारात आई। परिजनों द्वारा द्वारपूजा कराया गया और जलपान, भोजन की भी उत्तम व्यवस्था रही।
रात को शादी की रस्में हुई, फेरे हुए, कन्यादान हुआ। शादी अच्छी तरह से संपन्न हो गई। सभी बहुत खुश थे। घर वाले विदाई की तैयारी में लग गए। तभी दूल्हा और दुल्हन की कोहबर में जाने की बारी आती है। कोहबर में ही शादी की एक रस्म निभाई जाती है।
शादी संपन्न होने के बाद दूल्हा और दुल्हन मंडप से उठकर 3 बजे भोर में घर की कुछ महिलाओं के साथ कोहबर में जाने लगे। तो उसके साथ आधा दर्जन बाराती भी कोहबर में जाने की जिद करने लगे। इसके बाद सिर्फ तीन लोगों को ही कोहबर में जाने दिया गया।
इसी बात को लेकर वहां विवाद शुरू हो गया। कई बाराती जो शराब के नशे में थे, वे कोहबर में जाने की जिद करने लगे। इस पर लड़की के बड़े पिता ने उन लोगों को मना किया। जिससे बाराती नाराज हो गए और झगड़ा करने लगे। घर के लोग समझाते रहे लेकिन लड़की के बड़े पापा और बारातियों में कहा सुनी ज्यादा होने लगी।
इसके बाद बात इतनी बढ़ गई कि दोनों में मारपीट शुरू हो गई। बाराती कुर्सी डंडे से उनकी पिटाई करने लगे। मारपीट देख कर लड़की के दादा शिवचंद चौहान (55) बीच बचाव करने लगे। लेकिन बारातियों ने उनके ऊपर भी हमला कर दिया।
परिजन ने दर्ज कराया नामजद FIR
मारपीट में शिवचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर भागे। किसी तरह सब कुछ शांत हुआ। मारपीट के बाद बाकी बचे बाराती मौके से फरार हो गए। दूल्हा उसके घर वाले कोई भी मौके पर नहीं रुके। मारपीट में घायल शिवचंद को 3 मार्च को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनकी इलाज के दौरान 4 मार्च को मौत हो गई। मौत होते ही घर की खुशियां मातम में बदल गई। परिजन ने दूल्हे के जीजा विशाल चौहान सहित तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज करा दिया।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम भारत चौहान पुत्र शंभू चौहान निवासी ग्राम इंद्राशो थाना नगर बलिया का रहने वाला बताया है।
मृतक शिवचंद चौहान के तीन पुत्र और एक पुत्री है। उनकी मौत से पत्नी हेवंती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। कुछ देर पहले जिस घर में खुशी का माहौल था। मंगल गीत गूंज रहे थे, वहां विलाप और चीखें गूंजने लगीं। घटना से पूरे गांव में गम का माहौल है।
दुल्हन के पिता रंजीत चौहान दुबई में नौकरी करते हैं। शादी की रस्में उसके चाचा उमेश चौहान की देखरेख में चल रही थीं। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव मिलने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था।
परिजनों ने बताया कि बाराती तो उसी दिन भाग गए थे। हमने बेटी की विदाई भी नहीं की थी। अब कुछ लोग घर पर आकर बोल रहे सुलाह कर लीजिए और हस्ताक्षर कर दीजिए। मृतक के बेटे ने कहा मेरे पिता की हत्या हुई है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो। पहले कार्रवाई हो जाए उसके बाद बात की जाएगी ।
बरेसर थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एक मारपीट के मामले में परिजन ने तहरीर दी है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
'