Today Breaking News

बनारस राजघाट पुल से गंगा में कूद गए कपल, महिला को बचाया, युवक लापता

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. बनारस में एक महिला अपने साथी के साथ राजघाट पुल से गंगा में कूद गई। तभी नीचे से गुजर रही विश्वनाथम क्रूज से तीन क्रू मेंबर दोनों को बचाने के लिए गंगा में छलांग लगा दिए। क्रू मेंबर्स ने महिला को तो पानी से निकालकर बचा लिया, लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चल सका।
सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम महिला का प्राथमिक उपचार कर रही है, और युवक की तलाश में जुटी है। दोनों ने गंगा में छलांग क्यों लगाई फिलहाल, इसका अभी पता नहीं चल सका है। महिला की पहचान भदऊ चुंगी निवासी के रूप में हुई है। फिलहाल एनडीआरएफ के बोट पर महिला का इलाज किया जा रहा है। जानकारी मिली है कि महिला खतरे से बाहर है।

घटना बुधवार शाम 7 बजे के आस-पास की ही। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हम पुल से गुजर रहे थे। तभी दोनों आते हैं और पुल की रेलिंग पर चढ़ जाते हैं। हम उन्हें रोकने का प्रयास किए आस-पास के लोग कुछ समझ पाते तभी दोनों ने छलांग लगा दी। पुल से कूदते ही हमने चिल्लाना शुरू किया। उसी समय पुल के नीचे से एक क्रूज गुजर रही थी। तभी क्रूज से तीन नौजवानों ने दोनों को कूदते देखा, और बचाने के लिए क्रूज से छलांग लगा दी।
इसके बाद महिला को बचाने में कामयाब हो गए। युवक को काफी खोजा, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। महिला को लेकर क्रूज आए और वहां पर लोगों ने प्राथमिक उपचार किया। इस दौरान लड़की की हालत काफी खराब थी। लड़की को क्रूज से उतार कर जल पुलिस के हवाले कर दिया गया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है।

क्रूज मालिक सोनू साहनी (अज्जू ) ने बताया कि हम सभी गंगा में क्रूज से पर्यटकों को घूमा रहे थे। अस्सी घाट से लेकर नमो घाट तक पहुंचे। वहां से रिटर्निंग के दौरान जब पर्यटकों को गंगा आरती दिखाने के लिए दशाश्वमेध घाट की ओर बढ़े, तो राज घाट के पास पुल से लोगों के चीखने की आवाज सुनी। निगाह उधर गई तो देखा दो लोग पुल की रेलिंग से नीचे कूद रहे थे।

देखते-देखते ही देखते दोनों पानी में समा गए। क्रूज पर बैठे सभी लोग एक साथ बोल पड़े कोई बचाओ दोनों को। तभी मैं और क्रू मेंबर्स रवि साहनी और विशाल साहनी ने भी ने तुरंत गंगा में छलांग लगा दी। हमने बहुत कोशिश की लेकिन बड़ी मुश्किल से महिला को ही बचा सके।

क्रूज संचालक अज्जू ने बताया, हमने काफी प्रयास किया लेकिन युवक का कहीं पता नहीं चला। गंगा का बहाव तेज होने के कारण युवक को ढूंढ पाना मुश्किल हो गया था। वहीं, क्रूज पर काफी पर्यटक सवार थे, हमें उनकी भी फिक्र हो रही थी।

हम ज्यादा देर तक गहरे पानी में नहीं रह सके और लड़की की जान बचाने के लिए तेजी से पानी में से क्रूज की ओर बढ़ते चले गए। लड़की को हमने क्रूज पर लिटाया और उसकी कुशलक्षेम पूछी। तुरंत इसकी सूचना जल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम गंगा में कूदे लड़के की तलाश कर रही है। अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल सका है।
'