Today Breaking News

लेखपाल ने दिया प्यार में धोखा…टीचर प्रेमिका ने किया सुसाइड

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, झांसी. उत्तर प्रदेश के झांसी में सरकारी हाई-स्कूल की महिला टीचर ने सुसाइड कर लिया। उसके एक लेखपाल से प्रेम संबंध थे। शादी का वादा कर लेखपाल 10 साल तक उसे अपने प्रेमजाल में फंसाए रहा। मगर 8 महीने पहले उसने धोखा देकर दूसरी युवती से शादी कर ली। इसके बाद भी वह नहीं सुधरा और टीचर से बातचीत जारी रखी।
सुमनलता के सुसाइड करने के बाद मां को सांत्वना देती छोटी बेटी
उससे कहता रहा कि पत्नी को तलाक देकर तुमसे शादी कर लूंगा। मगर कुछ दिन पहले उसने शादी करने से मना कर दिया। इससे डिप्रेशन में आकर महिला टीचर ने जहर खाकर जान दे दी। महिला टीचर की छोटी बहन ने सदर थाने में लेखपाल के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में कर रही है।

अब आपको प्यार, धोखा और सुसाइड की दर्दनाक कहानी बताते हैं
महिला टीचर का नाम सुमनलता (32) अहिरवार था। वह सदर थाना क्षेत्र के भट्‌टागांव की रहने वाली थी। मृतका की बहन किरनलता ने बताया, "मेरी बहन सुमन अहरौरा गांव के हाईस्कूल में सरकारी टीचर थी। उनका सदर तहसील के एक लेखपाल से 10 साल से अफेयर चल रहा था।
वो 2015 में लेखपाल बना था। जबकि मेरी बहन को 2021 में टीचर की नौकरी मिली थी। पहले तो लेखपाल ने मेरी बहन को प्रेमजाल में फंसाया। शादी का वादा किया, लेकिन जून 2023 में उसने दूसरी युवती से शादी कर ली।"
किरनलता ने बताया, "शादी की बात सुनते ही मेरी बड़ी बहन डिप्रेशन में आ गई। उसने शादी से एक दिन पहले नवाबाद थाने में शिकायत कर दी थी। तब पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया था। बातचीत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। लेकिन लेखपाल नहीं सुधरा। उसने शादी के बाद भी बहन से बातचीत करना जारी रखा। दोनों चोरी छिपे मिला करते थे।
लेखपाल मेरी बहन से कहता था कि पत्नी को तलाक देकर तुमसे शादी कर लूंगा। ये झूठा भरोसा देकर वो मेरी बहन को कहीं और शादी नहीं करने दे रहा था। अब कुछ दिन पहले उसने शादी करने से मना कर दिया। इससे बहन डिप्रेशन में चल रही थी।"
छोटी बहन ने बताया, "बड़ी बहन की बोर्ड एग्जाम में ड्यूटी लग रही थी। शुक्रवार को उनकी ड्यूटी नहीं थी। सुबह करीब 10:30 बजे घर से बोलकर निकली कि वह स्कूल के काम से मार्केट जा रही हैं। करीब 12 बजे वह घर लौटकर आई। साथ में वह कुछ और खरीदकर लाई थी। इसका हम लोगों को पता नहीं चला। फिर कमरे में चली गई और बोली कि सोने जा रही हूं कोई डिस्टर्ब मत करना।
कमरे को अंदर से लॉक कर लिया और फिर जहर खा लिया। करीब एक घंटे बाद वह चीखने-चिल्लाने और उल्टी करने लगी। मैंने और मां ने किसी तरह उनसे दरवाजा खुलवाया। तब वह बोली कि जहर खा लिया। अब जीना नहीं है। हम लोग तुरंत उनको मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां इलाज के दौरान शाम को बहन सुमनलता की मौत हो गई।"
सुमनलता की मौत के बाद घर में मातम का माहौल छा गया। मां शीला चीख-चीखकर रोने लगी। 4 भाई-बहनों में सुमनलता तीसरे नंबर की थी। दोनों भाई उससे बड़े हैं, जबकि किरन सबसे छोटी है। पिता उत्तराखंड में टीचर की नौकरी करते हैं।
मौत के बाद किरनलता अपने परिवार के साथ थाने पहुंची और लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए तहरीर दी। किरनलता का कहना है कि मेरी बहन को इंसाफ मिलना चाहिए। पुलिस सख्त कार्रवाई करे।
सदर थाना प्रभारी सरिता मिश्रा का कहना है कि सुमनलता ने सुसाइड किया है। उसकी बहन ने एक तहरीर दी है। जिसमें एक लेखपाल द्वारा प्रेम प्रसंग में धोखा देने पर सुसाइड करने की बात लिखी है। लेखपाल की 8 माह पहले ही शादी हुई है। शव का आज (शनिवार) को पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
'