Today Breaking News

गाजीपुर में विवाहिता का फांसी पर लटकता मिला शव; मां बोली- सोने की अंगूठी, सीकड़ी के लिए कर दी बेटी की हत्या

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सैदपुर में कल यानी रविवार की दोपहर को विवाहिता का शव फांसी पर लटका मिला। सूचना पर पहुंचे विवाहिता के मायके पक्ष द्वारा ससुराल पक्ष से मृतका के पति, जेठ, जेठानी और सास के खिलाफ दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया। जिस पर फोरेंसिक टीम से जांच कराने के बाद, शव को कब्जे में लेकर सैदपुर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बता दें कि रविवार की दोपहर को सैदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत होलीपुर गांव में नव विवाहित रिंकू देवी (24) पत्नी उमेश कुमार का शव घर में पंखे से लटकता मिला। ससुराल पक्ष के लोगों ने यह सूचना तत्काल रिंकू के मायके रामपुर माझा थाना अंतर्गत गरथौली गांव निवासी उसकी मां सुमन देवी तथा पिता प्रदीप राम को दी गई। कुछ ही देर में मृतका की मां, पिता सहित भाई पंकज और दीपक पुलिस को सूचना देकर, रिंकू के ससुराल पहुंच गए।
मां ने कहा- अंगूठी और सीकड़ी के लिए कर दी बेटी की हत्या
मृतक रिंकू देवी की मां सुमन ने बताया कि बेटी के ससुराल पुलिस और हम लोगों के पहुंचने से पहले ही उसका पंखे से फांसी पर लटक रहा शव नीचे उतार दिया गया था। 2 वर्ष पहले जब से बेटी की शादी की है, तब से पति को सोने की अंगूठी और सीकड़ी के लिए मेरी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था।
6 महीने से विदाई नहीं कराई जा रही थी। पति, जेठ, जेठानी और सांस आए दिन उसके साथ मारपीट कर रहीं थीं। साल भर पहले मामले में पुलिस से शिकायत की गई थी। इसके कुछ महीनो तक स्थिति थोड़ा सामान्य थी। लेकिन बीते कुछ महीनों से बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आखिरकार आज हत्या कर दिया।
मृत रिंकू देवी
ससुरालियों ने आरोप को बताया झूठा
रिंकू के ससुराल पक्ष से उसकी जेठानी, पति, जेठ सास आदि का कहना है कि जिस वक्त यह घटना हुई, घर पर कोई नहीं था। सभी लोग काम पर गए थे। घर सिर्फ रिंकू के जेठानी का 8 वर्षीय एक लड़का था। हम लोग लगभग 1 बजे जब घर लौटे तो रिंकू फांसी पर लटक रही थी। प्रधान सहित आसपास के पड़ोसियों की मदद से उसे फांसी से उतार कर मायके वालों को सूचना दिया। हम लोगों पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है।
पुलिस बोली- तहरीर के आधार पर दर्ज किया जा रहा मुकदमा
सैदपुर थाना अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने बताया कि मायके वालों की तहरीर अनुसार मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। फोरेंसिक टीम ने आवश्यक सैंपल इकट्ठा कर, घटनास्थल पर जांच कर ली है। पोस्टमार्टम के लिए डेड बॉडी को भेजा जा रहा है। साक्ष्य, रिपोर्ट आदि के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
'