Today Breaking News

चुनाव का रंग चढ़ने लगा है सपा विधायक वीरेंद्र यादव बोले- नशे में चूर होकर भाजपा दे रही 400 पार का नारा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में लोकसभा चुनाव का रंग चढ़ने लगा है। समाजवादी पार्टी के घोषित प्रत्याशी सांसद अफजाल अंसारी पार्टी के विधायक और नेताओं के साथ गांव-गांव प्रचार में जुट गए हैं। इसी कड़ी में जंगीपुर विधान सभा के बवाड़े सहित दर्जनों गांवों में सांसद ने भ्रमण एवं जनसंपर्क किया।
सांसद अफजाल अंसारी की जनसभा में जंगीपुर विधायक डॉ. विरेन्द्र यादव ने कहा कि यह चुनाव सबके लिए चुनौती है। चुनाव सबके समक्ष लोकतंत्र और संविधान को बचाने का है। यदि जनता उनके झूठ, फरेब और साजिश से नहीं बची तो यह लोकतंत्र का अंतिम चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि संविधान बचेगा तभी जब सबके हक और अधिकार मिलेंगे।
नशे में चूर होकर दे रही 400 पार का नारा
उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के नशे में चूर होकर इस बार 400 के पार का नारा दे रही है, जबकि सच्चाई यह है कि कई प्रान्तों में उनका खाता नहीं खुलेगा। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन को मूर्त रुप लेते देख भाजपा नेताओ की नींद उड़ चुकी है। वह हताश और निराश होकर इस तरह के नारे दे रहे हैं।
वहीं, अफ़ज़ाल अंसारी ने कहा कि भाजपा संविधान और लोकतंत्र की हत्या कर रही है। विरोधियों के साथ इस सरकार का सलूक ठीक नही हैं। हुक्मरानों को लोकतंत्र पसंद नही है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमें चुनाव लड़ने से रोकना चाहती थी, लेकिन न्याय पालिका ने हमारे साथ न्याय किया, जिससे उनके नापाक मंसूबे ध्वस्त हो गये। उन्होंने कहा भाजपा ने जुल्म की इंतहा कर दी है।
जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने सीबीआई को भाजपा का कवच बताते हुए कहा कि सीबीआई और ईडी का दुरूपयोग कर रही है। मीडिया सच दिखाने के बजाय मोदी के कसीदे पढ़ने में व्यस्त है। इन कार्यक्रमों में मुख्य रूप से सूर्यनाथ यादव, सुभाष यादव, विरेन्द्र यादव, दारा यादव, उपेन्द्र यादव आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
'