Today Breaking News

मुलायम रहे तभी अखिलेश बन पाए थे सीएम - ओमप्रकाश राजभर

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव के प्रदेश के युवाओं को तीन लाख नौकरी देने के सवाल पर कहा कि अगर वह ऐसा ही किए रहते तो नेताजी के सहयोग से अखिलेश सीएम बने। उसके बाद एमपी बने और आज विधायक बनकर रह गए हैं। अब उनके पास देने का कोई अधिकार ही नहीं है। सपा की दुर्गति का प्रमुख कारण अखिलेश यादव ही है। सपा ने पिछड़ों का हक लूटा है तथा मुसलमानों को भाजपा का भय दिखाकर तथा बरगलाकर वोट लेती रही है।
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कैबिनेट मंत्री बनने के बाद शनिवार को पहली बार जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र के कासिमाबाद चौक पर आने पर कार्यकर्ताओं के स्वागत के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि देश के अन्य राज्यों से प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहतर है। योगी की सरकार में एक भी दंगे नहीं हुए। सुभासपा एनडीए गठबंधन में दमदारी के साथ चुनाव लड़ेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन जबरदस्त बहुमत से चुनाव जीतने जा रहा है। 
समाजवादी पार्टी की चर्चा करते हुए कहा कि सपा ने भाजपा का भय दिखाकर मुसलमानों का वोट लेकर छलने का काम किया है। सपा कभी भी मुसलमानों की हितैषी नहीं हो सकती है। बसपा सुप्रीमो मायावती के ‘इंडिया’ गठबंधन में जाने की चर्चा पर कहा कि कोई चमत्कार नहीं होने वाला है।
बसपा जहां है वहां रहेगी। विपक्ष का इंडिया गठबंधन पूरी तरह से बिखर गया है, उसमें जाने का कोई सवाल ही नहीं है। आज पूरे देश ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है। गठबंधन उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 80 की 80 सीटें जीतेगा। अपने को गब्बर सिंह कहे जाने के सवाल पर कहा कि जो जैसा सोचता है वैसा समझता है। 
घोसी विधायक सुधाकर सिंह द्वारा ओमप्रकाश राजभर को मेंटल कहे जाने पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कटाक्ष कर जवाब दिया। इन लोगों ने हमेशा दबे कुचले, गरीबों, पिछड़ों का विरोध किया है, उनका हक लूटा है। कहा कि ओमप्रकाश राजभर वंचितों, शोषितों एवं दलितों की लड़ाई लड़ रहा है और लड़ता रहेगा।
एनडीए गठबंधन में तीन लोकसभा की सीट मांगने के सवाल पर कहा कि आज हमारे साथ 40 पार्टियों से ऊपर के दलों का गठबंधन है। सीट का कोई मतलब नहीं है। हमारी यह लड़ाई दिल्ली में उपस्थिति दर्ज कराने की है। पार्टी में जो मेहनत करता है वहीं चुनाव लड़ता है। सुभासपा के अध्यक्ष ने कहा कि जहूराबाद विधानसभा क्षेत्र की हर बस्ती में जब से मैं एनडीए गठबंधन में गया हूं तब से इतना काम हुआ है कि आज तक किसी विधायक ने नहीं कराया है।
'