Today Breaking News

नशे में धुत 22 साल के युवक ने 80 साल की बुजुर्ग महिला से किया दुष्कर्म; पुलिस ने दबोचा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, कानपुर. कानपुर के बिल्हौर में मानवता को शर्मशार करने वाली वारदात सामने आई है। एक 80 साल की बुजुर्ग महिला से 22 साल के युवक ने रेप किया। महिला की चीख-पुकार पर गांव के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को कुछ ही देर में अरेस्ट कर लिया। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
डीसीपी वेस्ट विजय ढुल ने बताया, बिल्हौर के सुजावलपुर में गुरुवार रात को 22 वर्षीय अमित गौतम ने अपने दोस्तों के साथ शराब पी। इसके बाद अपने घर के सामने रहने वाली 80 साल की महिला के घर में घुस गया। महिला को अकेला पाकर उसे दबोच लिया और दुष्कर्म किया।

महिला के चीखने पर वहां से भाग निकला। महिला बदहवास हालत में घर के बाहर पहुंची और चीख-चीख कर रोने लगी। इस दौरान महिला की तबियत बिगड़ गई। गांव के लोग बुजुर्ग महिला की चीख सुनकर बाहर आए तो उनके होश उड़ गए।

महिला अस्त-व्यस्त हालत में घर के बाहर पड़ी हुई थी। गांव की महिलाओं ने उन्हें किसी तरह संभाला। महिला ने बताया कि उनके साथ अमित ने रेप किया और भाग निकला। ग्रामीणों की सूचना पर बिल्हौर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद चंद घंटे में ही आरोपी को दबोच लिया।

महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रेप की रिपोर्ट दर्ज की गई है। डीसीपी ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार को जेल भेजा जाएगा।

घर में अकेली रहने वाली दादी को बनाया हैवानियत का शिकार
डीसीपी ने बताया, बुजुर्ग महिला की चार बेटियां थीं। चारों शादी के बाद अपने-अपने ससुराल में हैं। महिला घर पर अकेली रहती हैं। इसी का फायदा उठाकर आरोपी अमित गौतम ने वारदात को अंजाम दिया।

पीड़ित और आरोपी दोनों ही दलित परिवार से हैं। पीड़िता आरोपी की पारिवारिक दादी लगती हैं। इसके बाद भी आरोपी ने अपनी दादी की एक नहीं सुनी और हैवानियत को अंजाम दिया।
'