Today Breaking News

होली पर्व पर गए थे गांव ...चोरों ने उड़ाये लाखों की ज्वेलरी और नगदी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में चोरों ने पांच फ्लैट में से 10 लाख रुपए से ज्यादा कीमत की ज्वेलरी और 52500 रुपए नगद चोरी किए हैं। पांच अलग-अलग बंद फ्लैट्स में चोरों ने कीमती सामान भी गायब किया है। यह सभी फ्लैट बंद थे और इनके किराएदार होली मनाने अपने गांव गए थे। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाराणसी के कृष्णा नगर कालोनी (सामने घाट) लंका में हरिओम तिवारी का तीन मंजिला मकान है। जिसमें पांच किराएदार अलग-अलग फ्लैट में रहते है। सभी किरायेदार अपने परिवार के साथ अपने-अपने गांव होली मनाने गए थे।
इस बीच घर को बंद देखकर चोरों ने अपना प्लान पूरा किया। पांचों फ्लैट के कमरों का ताला तोड़कर चोरों ने 52 हजार 500 रुपए नगद और करीब 10 लाख 70 हजार रुपए तक की ज्वैलरी पर हाथ साफ किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किराएदार जब होली से वापस अपने फ्लैट पहुंचे तो इस चोरी का पता चला। किराएदार अरुण द्विवेदी चकिया चंदौली के रहने वाले हैं। रविकांत पटेल मोहनिया बिहार के हैं। संतोष तिवारी गाजीपुर के रहने वाले वह लखनऊ पुलिस में उनकी पोस्टिंग है।
अजीत चौबे रामगढ़ मोहनियां के रहने वाले हैं। पुनीत उपाध्याय रामगढ़ मोहनियां के हैं। मकान मालिक हरिओम तिवारी कृष्णा नगर में ही दूसरे मकान में रहते हैं। सभी किराएदारों ने पुलिस को शिकायत देकर चोरी का खुलासा करने की मांग की है।
लंका थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष की लिखित तहरीर पर FIR दर्ज कर लिया गया। एक टीम को गठित कर आसपास के सीसीटीवी की मदद से चोरी की तलाश की जा रही हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
'