Today Breaking News

उत्तर प्रदेश के इन जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट...आगरा और अलीगढ़ में ओले गिरे, झांसी में पुल बह गया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. उत्तर प्रदेश में शुक्रवार से मौसम तेजी से बदल गया। झांसी में आंधी के बीच बारिश हुई तो बेतवा नदी में पुल बह गया। आगरा और अलीगढ़ में जमकर ओले गिरे। आज शनिवार को सहारनपुर में सुबह पानी बरसा। बिजली कड़की और तेज हवाएं चलीं। लखनऊ में धूप खिली है। आज प्रदेश के 46 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट है। आज भी कई जिलों में ओले गिरने का अनुमान है।
कानपुर की CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, आज प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम बिगड़ सकता है। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी, कई जिलों में आंधी भी आ सकती है। आज के बाद बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन हल्के बादल छाए रह सकते हैं। आने वाले दिनों में मौसम और अधिक गर्म रहने की पूरी संभावना है। अब धीरे-धीरे गर्मी बढ़ती जाएगी।

आज इन 46 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, आज बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ , गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर में आंधी के साथ बारिश हो सकती है।

प्रदेश में औसत अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। आगरा और मेरठ मंडल में अधिकतम तापमान 5 डिग्री और प्रयागराज, कानपुर और मुरादाबाद मंडल में 3 डिग्री तक तापमान चढ़ गया है। 17.8 डिग्री के साथ मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान सबसे कम रिकॉर्ड किया गया।

वाराणसी में आज शनिवार को मौसम साफ है। धूप खिली हुई है। हवा बिल्कुल भी नहीं चल रही है। आजकल सुबह 9 बजे के बाद से लेकर शाम 4 बजे तक की धूप पसीने छुड़ा रही है। इस दौरान दोपहर में तापमान 38°C को भी पार कर जा रहा है। हालांकि, वाराणसी के मौसम विज्ञान विभाग ने तपती गर्मी से कुछ राहत की उम्मीद जताई है। रविवार को वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बिजली की चमक और बादल गरजने के साथ बारिश का अनुमान है।

शनिवार की सुबह वाराणसी का तापमान 24°C दर्ज किया गया है। वहीं, हवा में नमी 90% है। इससे पहले शुक्रवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा 37.5°C रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 3°C ज्यादा 21°C तक पहुंचा।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज बारिश से भले गर्मी से थोड़ी राहत मिल जाए, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी और भी ज्यादा परेशान करने वाली है। बादलों की आवाजाही से गर्मी का एहसास होने लगा है। वहीं उमस भी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। गुरुवार शाम से शुक्रवार शाम (24 घंटे) के आंकड़ों की बात करें तो एक ही दिन में आगरा में अधिकतम तापमान 4 डिग्री तक बढ़ गया। इसके चलते आगरा प्रदेश में सबसे गर्म रहा, यहां 40.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

गुरुवार दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और झांसी में तेज बारिश के साथ आंधी आई। इससे बेतवा नदी का पुल बह गया। इसमें तीन लोग फंस गए थे। घंटों की मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बचाया गया। डेढ़ मीटर तक नदी में लहरें उठीं और पुल को बहाकर ले गईं। वहीं आगरा और अलीगढ़ में ओले गिरे। इससे सड़क पर सफेद चादर बिछ गई थी। मौसम विभाग ने आने वाले पांच दिन तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई है। अभी खेत में गेहूं और अन्य फसलें खड़ी हुई हैं। आंधी-बारिश से फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है।
'