Today Breaking News

भाजपा में शामिल होंगे यूट्यूबर मनीष कश्यप! मनोज तिवारी संग नई दिल्ली पहुंचे

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, नई दिल्ली. बिहार के चर्चित और स्टार यूट्यूबर मनीष कश्यप जल्द ही भारतीय जनता पार्टी,  बीजेपी का के सदस्य होंगे। भाजपा नेता मनोज तिवारी के साथ मनीष कश्यप दिल्ली पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि आज उनकी मुलाकात दिल्ली में जेपी नड्डा या अमित शाह से कराई जाएगी। पश्चिम चंपारण सीट पर भाजपा उम्मीदवार संजय जायसवाल को निर्दलीय चुनौती दे रहे मनीष कश्यप को पार्टी में कोई जिम्मेदारी या एमएलसी का ऑफर दिए जाने की भी चर्चा है।
मनोज तिवारी से बातचीत के बाद यह सहमति बनी है। तमिलनाडु मैं कथित हिंसा मामले में फर्जी वीडियो बनाने को लेकर मनीष कश्यप देश भर में छा गए जब उन्हें तमिलनाडु पुलिस गिरफ्तार कर ले गई थी। काफी मशक्कत के बाद मनीष कश्यप जेल से बाहर आए। तामिलनाडु केस में बेल मिलने के बाद भी उन्हें काफी दिनों तक पटना के बेऊर जेल में रहना पड़ा। 

मनीष कश्यप ने जेल से निकलने के बाद सदन में पहुंचकर बिहार और देश के लिए काम करने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि किसी भी दल का टिकट मिले तो चुनाव लड़ेंगे। किसी पार्टी से ऑफर नहीं मिलने पर वह 2024 लोकसभा चुनाव में पश्चिमी चंपारण से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर यूट्यूबर मनीष कश्यप चुनावी प्रचार कर रहे थे।  कश्यप संजय जायसवाल को कड़ी टक्कर देने के लिए दिन रात चुनाव प्रचार में लगे थे। चर्चा है  कि मनीष कश्यप को मनाने के लिए बीजेपी ने मनोज तिवारी को भेजा था। ऐसी संभावना जतायी जा रही है कि दिल्ली में मनीष कश्यप बीजेपी का दामन थामेंगे। 

मनीष कश्यप यूट्यूब की दुनिया में बड़ा नाम है। बीते साल तामिलनाडु में बिहार और हिंदी भाषियों पर कथित हिंसा का वीडियो बनाने और प्रसारित करने के आरोप में मनीष कश्यप को कठिन कानूनी संकट के दौर से गुजरना पड़ा। एक आपराधिक मामले में उनके घर की कुर्की करा दी गई तो उन्होंने सरेंडर कर दिया। बिहार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। तामिलनाडु पुलिस उन्हें अपने केस में मदुरै ले गई जहां कई महीनों तक जेल में रहना पड़ा। 

राहत के लिए उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाया लेकिन राहत नहीं मिली। जेल में रहते हुए उन्होंने अपना पॉलिटिकल लाइन तय कर लिया। जेल जाने से पहले ही वह राजद नेता तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद के खिलाफ हमलावर रहे। जेल में रहते हुए मनीष ने तेजस्वी यादव पर चारा चोर का बेटा होने का खुला आरोप लगा दिया।  जेल से निकलने के बाद उनकी लोकप्रियता का ग्राफ इतना हाई हो गया कि मनोज तिवारी उनसे मिलने मनीष के घर गए। देश के बड़े बड़े न्यूज चैनलों ने उनका इंटरव्यू लिया। माना जा रहा है कि एनडीए के मिशन 400 पार में मनीष कश्यप निर्दलीय उम्मीदवारी से नुकसान पहुंचा सकते थे। इसीलिए डैमेज कंट्रोल के तहत उन्हें बीजेपी का अंग बना लेने की कवायद चल रही है।
'