Today Breaking News

भाजपा ने गाजीपुर से मनोज सिन्हा के करीबी पारस नाथ राय को बनाया प्रत्याशी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. भारतीय जनता पार्टी ने आखिर सभी कयासों पर विराम लगाते हुए गाजीपुर लोकसभा सीट से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता पारस नाथ राय को प्रत्याशी बनाया है। उनके नाम की घोषणा होते ही उनके पैतृक आवास गाजीपुर के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के सिखड़ी गांव में जश्न का माहौल है। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। पारसनाथ राय गाजीपुर में काफी सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता हैं। पारस नाथ जम्मू कश्मीर के एलजी और पूर्व सांसद मनोज सिन्हा के करीबी हैं।
पारस नाथ राय (68) पुत्र स्वर्गीय मंगला राय अपने जीवन काल से भाजपा में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते हैं। कृषि कार्य के साथ ही शिक्षण संस्था खोलकर बच्चों के भविष्य बनाने का भी अपने कर्तव्यों का पालन किया। पारस नाथ राय के दो पुत्र और दो पुत्रियां जिसमें सबसे बड़ा बेटा आशुतोष राय पूर्व में भाजयुमो में प्रदेश अध्यक्ष रहा है और इस समय में भाजपा के संगठन को मजबूत बनाने में लगे हैं।

छोटा बेटा आशीष राय शबरी महाविद्यालय और विद्या पब्लिक ज्ञान मंदिर के प्रबंधक हैं। वही पंडित मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज सबसे पुराना क्षेत्र का ऐतिहासिक विद्यालय जो सबसे ज्यादा विद्यार्थी वाला विद्यालय कहलाता है। इस विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य है पारस नाथ राय। पारस राय 68 वर्ष की उम्र में भी जाति भेदभाव दरकिनार कर लोगों से मिलजुल कर रहते थे और दु:ख सु:ख में शामिल होते थे।

पारस नाथ राय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई के काफी करीब माने जाते थे। इसके अलावा गाजीपुर में जब भी कोई वरिष्ठ नेता है तो वह पारसनाथ से जरूर मुलाकात करता है।
'