Today Breaking News

बनारस में देवर ने किया दुष्कर्म...पति ने बनाया वीडियो...किया था प्रेम विवाह; मुकदमा दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, वाराणसी. बनारस में विवाहिता से दहेज में 2 लाख रूपए की मांग को लेकर मारपीट एवं देवर द्वारा शारीरिक शोषण तथा गर्भपात कराए जाने का मामला सामने आया है। इसके अलावा विवाहिता का अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप है। इस मामले में कैंट पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
प्रतापगढ़ की रहने वाली विवाहिता द्वारा संयुक्त पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार वाराणसी के फुलवरिया इलाके के रहने वाले निरंजन ने पहले उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद विवाहिता द्वारा शादी की बात कहने पर निरंजन टालमटोल करने लगा।

पीड़िता एवं उसके परिजनों द्वारा काफी दबाव दिए जाने पर निरंजन और पीड़िता का 5 जून 2022 को विवाह हुआ। ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा प्रेम विवाह से नाराज होने पर उन्हें घर से निकाल दिया गया। इसके बाद दोनों भुल्लनपुर स्थित किराए के मकान में रहने लगे, इसी दौरान देवर भी उनके घर पर आने-जाने लगा और एक दिन मौका पाकर उसने विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया। इस घटना का वीडियो पति द्वारा अपने मोबाइल में कैद कर लिया गया एवं उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।

पीड़िता के अनुसार ससुराल पक्ष के लोग उससे दहेज में 2 लाख रूपए की मांग करने लगे। जिसको लेकर अक्सर उसके साथ मारपीट हुआ करती थी। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। जानकारी होने पर ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उसका गर्भपात करा दिया गया। धमकी दी गई कि अगर कहीं पुलिस मे शिकायत की तो तुम्हारा अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा दी गई धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने संयुक्त पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी से गुहार लगाई। इसके बाद कैंट पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है। प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट अजय राज वर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति ,देवर, सहित सास के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
'