Today Breaking News

CM योगी बोले- माफिया मुख्तार की कब्र पर सपा वाले फातिहा पढ़ रहे...उनको 5 साल की छुट्टी दे दो

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को फतेहपुर सीकरी के किरावली पहुंचे। यहां उन्होंने जनसभा संबोधित की। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि आज कांग्रेस, सपा और बसपा के लोग माफिया की कब्र पर जाकर फातिहा पढ़ रहे हैं। इनको कह दो की वोट तो कमल के निशान पर जाएगा। आपको 5 साल की छुट्टी दे रहे हैं। 5 साल जाकर कब्र पर फातिहा पढ़ो।
सीएम योगी ने माफिया मुख्तार अंसारी का नाम लिए बिना विपक्ष पर निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने कहा, अयोध्या-काशी ने अपना लक्ष्य पा लिया। अब ब्रज भूमि की बारी है। एक तरफ कांग्रेस, सपा और बसपा थी, राम जन्म भूमि पर हमसे प्रमाण पूछते थे। कहते थे कि राम-कृष्ण हुए ही नहीं। जैसे इस सृष्टि के पहले कांग्रेस, सपा-बसपा ही हुए थे।

मोदी जी के कारण इनका झूठ फेल हो गया। 500 साल बाद रामलला प्रकट हो गए। आप विरासत का सम्मान करते हैं, तो जिन्होंने राम-कृष्ण पर सवाल उठाया उन्हें वोट के लिए तरसा दीजिए।

सीएम ने कहा, 1947 में बड़े दंभ के साथ पाकिस्तान भारत से अलग हुआ। पाकिस्तान की कुल आबादी 25 से 30 करोड़ है, जबकि भारत की आबादी 140 करोड़। भारत में पिछले 4 साल से 80 करोड़ लोग फ्री राशन का लाभ ले रहे हैं। पाकिस्तान में क्या हाल है? वहां लोग रोटी के मोहताज हैं।

जितनी पाकिस्तान की आबादी है, उतनी आबादी को भारत में गरीबी रेखा से ऊपर उठा दिया गया है। कांग्रेस, सपा और बसपा लोगों को तरसाते थे। बैंक खाते नहीं खुलवाते थे। गैस सिलेंडर नहीं थे।

भाजपा सरकार में 10 करोड़ को गैस कनेक्शन मिला, 4 करोड़ को घर मिला। अब जो बच गए हैं, उन्हें तीसरे कार्यकाल में सुविधा मिलेगी। अब चेहरा देखकर योजना का लाभ नहीं मिलता। भाजपा में विरासत और विकास का संगम है।

योगी ने कहा, हमारा नारा राष्ट्रवाद का है। जातिवाद का नहीं। जाति के नाम पर बांटने वाले लोग देश को कमजोर करना चाहते हैं। इन लोगों से सावधान रहिए। हम अयोध्या में रामलला के दर्शन करा रहे हैं, तो माफिया और अपराधी का राम नाम सत्य भी करवा रहे हैं। यह अद्भुत संयोग इसलिए है क्योंकि भाजपा की सरकार है।

सीएम फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के समर्थन में वोट की अपील करने पहुंचे थे। इस दौरान पूर्व वायुसेना अध्यक्ष आरके एस भदौरिया भी मौजूद रहे।

सीएम योगी आदित्यनाथ का कुछ ही दिनों में आगरा का यह तीसरा दौरा था। इससे पहले भी राजकुमार चाहर के समर्थन में वोट की अपील कर चुके हैं। अब किरावली के लोगों को साधने के लिए यह जनसभा की गई।

भाजपा विधायक बाबूलाल के बेटे रामेश्वर बतौर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे हैं। चर्चा है कि उनके चुनाव लड़ने से समीकरण बदले हैं। इन समीकरण को ठीक करने के लिए ही जनसभा की जा रही है। इस जनसभा के माध्यम से कई लोगों को निशाना साधने की कोशिश की गई। सूत्रों के अनुसार, भाजपा विधायक के विरोध और रामेश्वर के लिए उठते समर्थन को शांत करने के लिए ही योगी यहां पहुंचे थे।

मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इतने सालों तक जेल में रहने के बाद भी जनता उन्हें चुनती रही, इससे साफ है कि वे लोगों की मदद करने वाले इंसान थे। लोकतंत्र में जनता उसी पर भरोसा करती है, जो लोगों के दुख-दर्द को समझता है।
गाजीपुर लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी अफजान अंसारी हाथ पकड़कर अखिलेश यादव को आवास में ले गए।
अखिलेश ने कहा कि उनकी मौत के बाद जिस तरह से लोग लगातार परिवार से जुड़ रहे इससे पता चलता है कि यह परिवार आम लोगों के लिए काम करने वाला परिवार है।

1 अप्रैल को अखिलेश के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव ने मुख्तार अंसारी के परिवार वालों से मुलाकात की थी और मुख्तार की कब्र पर फूल भी चढ़ाया था। धर्मेंद्र ने कहा, वह परिवार के इस दुख की घड़ी में साथ हैं। परिवार ने जो जहर देने का आरोप लगाया है उसका जवाब सरकार को देना चाहिए।
सपा नेता धर्मेंद्र यादव गाजीपुर पहुुंचे और मुख्तार की कब्र पर फूल चढ़ाए।
बांदा जेल में बंद मुख्तार की 28 मार्च को‌ कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई थी। 30 मार्च को गाजीपुर के कालीबाग कब्रिस्तान में मुख्तार के शव को दफनाया गया था।
'