Today Breaking News

झाड़-फूंक करने घर आए मस्जिद के मौलाना ने महिला से किया दुष्कर्म...दी जान से मारने की धमकी; गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, सहारनपुर. यूपी के सहारनपुर जिले के एक गांव की रहने वाली महिला के साथ गांव की मस्जिद के मौलाना ने दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि दो दिन पहले वह महिला के घर झाड़-फूंक करने के लिए आया। इसके बाद उसने दुष्कर्म किया। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
महिला के पति ने बताया कि सरसावा थाना क्षेत्र के गांव भटपुरा निवासी मुर्शीद हाफिज पुत्र रशीद उनके गांव की एक मस्जिद में मौलाना है, वह काफी समय से उनके गांव की मस्जिद में ही रहता है। पीड़ित का कहना है कि अक्सर वह उनके घर पर झाड़-फूंक करने के लिए आता रहता था। दो दिन पहले मौलाना उनके घर आया और बच्चों की झाड़-फूंक करने लगा। कहने लगा कि बच्चों को अब कभी नजर नहीं लगेगी।
आरोप है कि उसी दौरान मौलाना ने महिला के बच्चों को दुकान पर सामान लेने के लिए भेज दिया। इसी दौरान आरोपित ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला ने शोर मचाया तो आरोपित ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। महिला को धमकी दी गई कि यदि उसने किसी के सामने इसका जिक्र किया तो वह उसकी हत्या कर देगा।

पत्नी ने खेत से लौटे अपने पति को पूरा घटनाक्रम बताया। उसी समय पति ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस महिला को साथ लेकर गई और उसके धारा 164 के कोर्ट में बयान दर्ज कराए। नकुड़ थाना प्रभारी धर्मेंद्र गौतम ने बताया कि आरोपित मौलाना को सरसावा थानाक्षेत्र के गांव भटपुरा से गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।

पुलिस ने आरोपित को जेल भेजने के बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला ने अपने बयानों में बताया है कि मौलाना तंत्र क्रिया का भी काम करता है। वह महिलाओं को अपने झांसे में लेता है कि यदि किसी को बच्चा नहीं होता है तो वह तंत्र क्रिया कर बच्चे पैदा करता है। जिससे महिलाएं उसके बहकावे में आ जाती हैं।
'