Today Breaking News

अच्छी खबर...आज गाजीपुर डिपो को मिलेगी 6 नई रोडवेज बसें

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में रोडवेज (Ghazipur Roadways Depot) की बस से यात्रा करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। गाजीपुर डिपो (Ghazipur Depot) को छह नई बसें मिलेंगी। ये बसें रविवार को यहां आ जाएगी। इन्हें लेने के लिए चालक कानपुर भेजे गए हैं। उधर लोकसभा चुनाव के मद्देनजर विभिन्न तिथियों पर डिपो की 54 बसें भेजी जाएंगी। सोमवार को 12 बसें पीलीभीत के लिए चुनाव ड्यूटी पर जाएंगी।
लोकसभा चुनाव की सरगर्मी जोर पकड़ने लगी है। सात चरणों में कराए जा रहे इस चुनाव में सुरक्षा कर्मियों को लाने एवं ले जाने के लिए रोडवेज की बसें चुनाव ड्यूटी में लगाई जा रही हैं। स्थानीय डिपो की 54 बसें विभिन्न चरणों में होने वाले चुनाव के लिए अलग-अलग तिथियों पर भेजी जाएंगी। 15 अप्रैल को 12 बसें पुलिस कर्मियों को लेकर पीलीभीत तथा 22 को दो बसें अमरोहा जाएंगी। इसी क्रम में तीन मई को छह बरेली तथा 10 मई को 10 बसें बहराइच भेजी जाएंगी। 

इसके साथ ही 17 मई को चुनाव ड्यूटी में गोंडा जाने के लिए दो बसों की मांग की गई है। यही नहीं तीन मई को होमगार्डों को लेकर 18 और बसें जाएंगी। इससे पहले फरवरी माह की शुरुआत में दो तथा बीते मार्च महीने के अंत में दो बसें चुनाव ड्यूटी में भेजी जा चुकी हैं। इस तरह से कुल 54 बसें लोकसभा चुनाव की ड्यूटी में जाएंगी। छह नई बसें मिलने के बाद डिपो के बेड़े में कुल 70 में 54 बसों के जाने के बाद 16 शेष रह जाएंगी। ऐसे में बसों की कमी यात्रियों को खलेगी।

गाजीपुर डिपो को छह नई बसें रविवार को मिल जाएंगी। सोमवार को लोकसभा चुनाव की ड्यूटी में 12 बस भेजी जाएगी। इसके बाद विभिन्न तिथियों में गाजीपुर डिपो की और बसेंं चुनाव ड्यूटी में जाएंगी। यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसका प्रयास किया जाएगा।- वीके पांडेय, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक।
'