Today Breaking News

Weather Today: सूर्य देव ने बढ़ाई लोगों की मुश्‍किलें...यूपी के इस शहर में बारिश के साथ पड़ सकते हैं ओले

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. Weather Today Update सूर्य देव ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अप्रैल का महीना आते ही पारा भी ऊपर चढ़ने लगा है। नतीजा गर्मी अपना असर दिखाने लगी है और चढ़ते पारे के सहारे पसीना छुड़ाने लगी है। हालांकि आज कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
आगरा में गर्मी की वजह से गुरुवार को ताजमहल में पर्यटक की तबीयत बिगड़ गई। पंजाब के फिरोजपुर से आईं कमलेश स्वामी को सेंट्रल टैंक पर उलटियां होने लगीं। उन्हें मे आइ हेल्प यू टीम स्मारक के बाहर पूर्वी गेट स्थित डिस्पेंसरी लेकर आई। यहां प्राथमिक उपचार के बाद वह स्वजन के साथ चली गईं।

आगरा के पश्चिमी उप्र में विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 14 अप्रैल (रविवार) को आंधी के साथ ओले पड़ सकते हैं। 12 से 15 अप्रैल तक बादल छाए रहेंगे। गरज के साथ बौछार या वर्षा हो सकती है। गुरुवार को दिनभर सूरज के तीखे तेवरों ने पसीना छुड़ाया।

गुरुवार को सुबह से धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ तापमान भी बढ़ता चला गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे। एक या दो बार गरज के साथ बौछार या वर्षा हो सकती है।

गोरखपुर में तेजी से बढ़ती गर्मी को गुरुवार की तड़के कुछ देर के लिए ही सही आंधी से चुनौती मिली। कुछ स्थानों पर आंधी के बाद बूंदाबांदी हुई तो कहीं ओले भी पड़े। हालांकि दिन की शुरुआत होते ही कुछ देर ठहरने के बाद तापमान फिर बढ़ चला और गर्मी अपने पहले वाले स्वरूप में आ गई। नतीजतन अधिकतम तापमान 40 के करीब यानी 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम में कुछ देर के लिए बदलाव स्थानीय वायुमंडलीय परिस्थितियों की वजह से हुआ, इसलिए इसका प्रभाव भी अलग-अलग तरीके से क्षेत्र विशेष तक सीमित रहा।

आज का मौसम गोरखपुर में गुरुवार को मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। देवरिया और बस्ती में छिटपुट बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार मेरठ जिले में हल्के बादलों के बीच धूप खिलेगी। इसके अलावा आर्द्रता 27 प्रतिशत रहेगी। वहीं बरेली में शुक्रवार को मौसम साफ रहने का अनुमान हैं।

प्रयागराज में पिछले पांच दिन से गिर रहा अधिकतम तापमान गुरुवार को बढ़ना शुरू हो गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया। बुधवार की तुलना में प्रयागराज करीब एक डिग्री ज्यादा गर्म रहा। गुरुवार का न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि बुधवार को यह 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि रात के तापमान में बढ़ोत्तरी जरूर हुई है पर बादलों की हल्की मौजूदगी से तापमान नियंत्रण में रहेगा। मौसम विभाग ने अनुमान व्यक्त किया है कि अगले तीन से चार दिन हल्के बादलों की मौजूदगी दिन के तापमान को बढ़ने से रोकेगी।

हालांकि इन्ही बादलों की वजह से रात गर्म होती जाएगी। अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के पार जाने का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इसकी वजह से अधिकतम तापमान में कमी आएगी।

कानपुर में मौसम विज्ञानियों को मार्च-अप्रैल महीने के मौसम का बदलाव डरा रहा है। अप्रैल में ही प्री -मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार इसकी वजह ग्लोबल वार्मिंग है जो तेजी के साथ पृथ्वी पर जलवायु परिवर्तन करा रही है। अप्रैल महीने में आंधी और वर्षा की स्थितियों से फसलों को नुकसान की संभावना बढ़ गई है।

शुक्रवार से पश्चिमी विक्षोभ भी बन रहा है। इस वजह से कानपुर और आस-पास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी व वर्षा हो सकती है। सुबह- शाम में आंधी और आकाश गर्जना भी हो सकती है। वहीं महादेव के शहर काशी में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। तापमान में हल्की वृद्धि संभव है। धूप की प्रचंडता बढ़ेगी।

'