Today Breaking News

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में सबसे गर्म शहर रही महादेव नगरी, दूसरे पर संगमनगरी, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अप्रैल का महीना आते ही पारा भी ऊपर चढ़ने लगा है। नतीजा गर्मी अपना असर दिखाने लगी है और चढ़ते पारे के सहारे पसीना छुड़ाने लगी है। हालांकि आज कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
आगरा में मौसम विभाग ने शुक्रवार को तेज हवा और गरज के साथ बौछार पड़ने का पूर्वानुमान जताया है। गुरुवार को आसमान साफ रहेगा। दोपहर बाद या शाम काे आंशिक बादल छा सकते हैं। बुधवार को दिनभर 25 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती रही, जिससे अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिली।

बुधवार काे सुबह से ही सूरज ने तेवर दिखाए। दोपहर 12 बजे के बाद तो घर से निकलना मुश्किल हो गया। धूप आंखों में चुभती और त्वचा को झुलसाने वाली थी। लगातार हवा चलते रहने से मंगलवार की अपेक्षा थोड़ी राहत देखने को मिली। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बुधवार की अपेक्षा करीब डेढ़ डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुरुवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी।

बरेली में बादलों की आवाजाही बंद हुई तो हवा ने धीरे-धीरे बढ़ना शुरू कर दिया। बुधवार सुबह से ही तेज हवा चलने लगी। दोपहर तक स्थिति यह थी कि लोगों को बिना मुंह पर मास्क और आंखों पर चश्मा पहने चलना भी मुश्किल था।

मौसम विभाग का कहना हैं कि अभी हवा की गति अगले एक हफ्ते तक ऐसी ही होगी। बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विज्ञानी अतुल कुमार बताते हैं कि पश्चिमी विक्षोभ का असर अब खत्म हो चुका है। हवाओं की गति में तीव्रता आई है। तापमान बढ़ने के साथ ही यही हवाएं अब लू का रूप ले लेंगी। मौसम विज्ञानी बताते हैं कि अगले एक सपताह में यह हवाएं काफी गर्म होने की संभावना हैं।

उधर, दूसरी ओर जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डा. एएम अग्रवाल बताते हैं कि इस हवा की वजह से उड़ने वाली धूल सांस के मरीजों के लिए किसी खतरे से कम नहीं हैं। अस्थमा के मरीजों को इस हवा में निकलने से पहले मास्क का प्रयोग करना चाहिए। साथ ही आंखों को कोई समस्या न हो इसके लिए काले रंग के चश्मे का इस्तेमाल करें।

गोरखपुर में गुरुवार को दिन में तेज रफ्तार से धूल भरी गर्म हवा चलेगी। तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। देवरिया और बस्ती में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।

कानपुर में मौसम में हो रहे अप्रत्याशित बदलाव के संकेत अच्छे नहीं हैं। इस बार अप्रैल महीने की 20 -21 तारीख के बाद से ही लू का प्रकोप शुरू होने के आसार हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस बार लू यानी गर्म हवा चलने की अवधि भी पिछले सालों के मुकाबले अधिक होगी। इस बार लू का मौसम जुलाई महीने बना रह सकता है।

भारतीय मौसम विभाग ने देश के पूर्वी हिस्से और उत्तर -पूर्व , उत्तर -पश्चिम के कुछ हिस्सों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में ज्यादा गर्मी रहने का अनुमान जारी किया है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग का भी अनुमान है कि इस बार अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा।

कृषि मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि 20 अप्रैल के बाद से ही इस साल लू का मौसम सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। इससे लोगों में गर्मी से संबंधित बीमारियां और कृषि उत्पादन पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। पानी की कमी होने और ऊर्जा की मांग बढ़ने से पारिस्थितिकी तंत्र और वायु गुणवत्ता प्रभावित होगी। कानपुर में आज तेज हवा चलने के साथ हल्की वर्षा की संभावना है।

लखनऊ में विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। सुबह व रात में धीमी गति से हवाएं चलने के आसार हैं। बुधवार को मौसम साफ रहा व दिनभर हल्की धूप निकली रही।

मेरठ में मौसम विभाग के अनुसार जिले में हल्के बादलों के बीच धूप खिलेगी। इसके अलावा आर्द्रता 30 प्रतिशत रहेगी।

प्रयागराज में चटक धूप नहीं बढ़ा पाई पारा, हवाओं ने संभाल लिया मोर्चा

भीषण गर्मी के बीच बुधवार को हवाओं ने चटक धूप से मोर्चा लिया। लोगों को गर्म हवाओं का अहसास जरूर हुआ पर इन्हीं हवाओं ने तापमान को दो डिग्री नीचे गिरा दिया। तापमान गिरने के बाद भी प्रयागराज प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म जिला रहा। पहले स्थान पर 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ वाराणसी सबसे गर्म था।

मौसम विभाग के अनुसार तेज सतही हवाएं अभी दो दिन और चलेंगी और फिर मौसम में बादलों की एंट्री होगी।जिले में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है पर इसकी वजह से रात का तापमान तेजी से बढ़ेगा।

वाराणसी में गर्म हवा बढ़ा रही मुश्किल, 20 तक बारिश की संभावना

वाराणसी में 25 से 30 किलोमीटर गति से बह रही गर्म हवा ने बुधवार को लोगों को झुलसा दिया। गर्मी हर दिन मुश्किल बढ़ा रही है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। मौसम विज्ञानी 20 अप्रैल तक राहत का अनुमान लगा रहे हैं। बादल छा सकते हैं और बारिश की संभावना बन रही है।

पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पूर्वांचल में दिखाई पड़ सकता है। बीएचयू के जीओ फिजिक्स विभाग के पूर्व प्रोफेसर व मौसम विज्ञानी सुरेन्द्र नाथ पांडेय ने बताया कि मौसम शुष्क रहेगा। गर्म हवा चलती रहेगी, इसके कारण परेशानी और बढ़ेगी। अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
'