Today Breaking News

हमारा लड़का सरकारी नौकरी में, वैगनआर नहीं क्रेटा कार लेंगे...हाथ में मेहंदी लगाकर इंजतार करती रही दुल्हन

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर में दुल्हन हाथों में मेहंदी सजाए बारात का इंतजार करती रही, लेकिन दूल्हा लापता हो गया। देर तक इंतजार करने के बाद जब बारात नहीं आई तो दुल्हन पक्ष दूल्हे के गांव पहुंचा। वहां से लड़के वालों ने दहेज में क्रेटा कार न देने पर बारात लाने से इंकार कर दिया। इसके साथ ही घर वालों के साथ मारपीट और अभद्रता भी की गई। हंगामा होने की जानकारी पुलिस को दी गई।
मेंहदी लगाकर दुल्हन बारात आने का इंतजार करती रही।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव सराय रसूलपुर के रहने वाले मोहम्मद शाकिर पुत्र जाफिर ने अपनी बहन नगमा का रिश्ता दो साल पहले जानसठ थाना क्षेत्र के गांव चित्तोड़ा के रहने वाले अमीर आलम पुत्र अय्यूब के साथ किया था। रिश्ता तय करते समय बाइक, ढाई लाख रुपए, जेवरात दूल्हे के घर वालों को दिए थे।

शनिवार को नगमा की बारात आनी थी। इसको लेकर गांव में घराती और रिश्तेदार मिलकर निकाह की तैयारियों में लगे थे। दोपहर तक बारात नहीं पहुंचने पर दुल्हन पक्ष के लोगों ने फोन किया, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं आया। टाइम बढ़ने के साथ घर के लोगों की बेचैनी बढ़ने लगी।

कुछ देर बाद दूल्हा पक्ष ने लड़के के लापता होने की जानकारी दी तो घर वालों में हड़कंप मच गया। घर में निकाह की पूरी तैयारियां हो रखी थीं। दहेज का सारा सामान सजा लिया गया था। बहुत पूछने पर लड़के वालों ने दहेज में वैगनार कार की जगह क्रेटा कार की डिमांड रखी। उन्होंने बताया कि क्रेटा कार देंगे तभी बारात लाएंगे हमारा लड़का सरकारी नौकरी में है इससे कम में बात नहीं बनेगी।
दहेज में देने के लिए वैगनार कार खरीदी गई थी।
बहुत देर तक पिता और भाई व अन्य रिश्तेदार लड़के वालों की मान-मनौव्वल करते रहे, लेकिन कोई बात न बनती देखकर कुछ लोगों ने लड़के के घर जाने का फैसला लिया। इसके बाद पिता-भाई और कुछ रिश्तेदार चित्तौड़ा गांव पहुंचे और बारात लाने के लिए मिन्नतें की, लेकिन दूल्हा पक्ष अभद्रता करने लगा। दूल्हे के भाइयों, बहनोई समेत रिश्तेदारों ने दुल्हन पक्ष की तरफ से गए लोगों को बंधक बनाकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
बेटी को विदा न कर पाए पिता ने न्याय की मांग की है।
इसके बाद हंगामे की जानकारी पुलिस को दी गई। वहीं, दुल्हन पक्ष ने तीन दिन पहले ही दहेज का सारा सामान दूल्हे के घर पहुंचा दिया था, बस विदाई पर दिए जाने वाला सामान रोक लिया था। सराय रसूलपुर में बरातियों, रिश्तेदारों के लिए खाना बनकर तैयार हो गया था। बारात न पहुंचने से दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है। उसका कहना है कि हर लड़की की तरह मेरा भी सपना था ससुराल जाने का। मेरे पिता और भाई ने अपनी हैसियत से ज्यादा दहेज दिया था। दहेज में देने के लिए वैगनार कार खरीद ली थी आखिर समय में उन लोगों ने क्रेटा कार की डिमांड कर दी। अब सरकार से अपील है कि मुझे न्याय दिलाएं। इंस्पेक्टर थाना मंसूरपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि दुल्हन के भाई की तरफ से दूल्हा समेत उसके परिजनों के खिलाफ तहरीर दी गई है। इसके आधार पर जांच की जा रही है।

'