Today Breaking News

फेसबुक की दोस्ती से कत्ल तक...जिस आशिक़ के लिए पति छोड़ा, वही बना कातिल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, बरेली. बरेली में शनिवार को 36 साल की पिंकी सागर की हत्या कर दी गई, हत्या की इस वारदात को प्रेमी जोगेंद्र ने अंजाम दिया है। पुलिस ने जोगेंद्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। दोनों लंबे समय से किराए के मकान में रह रहे थे। पुलिस की 2 टीमें नामजद जोगेंद्र की तलाश में जुटी हैं, लेकिन वह अभी तक हत्थे नहीं चढ़ा है। पुलिस की जांच पड़ताल में आया है कि दोनों की 8 साल से दोस्ती थी, अपने प्रेमी जोगेंद्र से सम्बंधों के चलते ही पिंकी ने अपने पति से तलाक ले लिया था।
अब पढ़िए पिंकी की लव स्टोरी...
बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के रामगंगा नगर कॉलोनी के सेक्टर 7 में रहने वाली पिंकी सागर (36 साल) की शादी 9 साल पहले मदनपाल से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ माह बाद ही पिंकी का पति से विवाद शुरू होने लगा, इसका कारण था कि पिंकी की दोस्ती मेहतरपुर गांव निवासी जोगेेंद्र से हो गई। दोनों की दोस्ती परवान चढ़ी तो पिंकी अपने पति से दूरी बनाने लगी।

यह बात पिंकी के मायके वालों को भी पता चल गई। अपनी मां और मायके में अन्य लोगों से पिंकी कहती थी कि शराब पीकर पति मदनपाल टॉर्चर करता है, कइ बार वह बंधक बनाकर बेहरमी से मारता पीटता है। यहीं से नौबत तलाक पर आ गई। शादी के 9 माह तक ही पिंकी पति के साथ रही, और शादी के एक साल में दोनों का तलाक हो गया। शादी के बाद पिंकी ने बेटी को जन्म दिया है, इस समय पिंकी की 8 साल की बेटी है जो अपनी नानी के पास रह रही है।

पिंकी सागर की ससुराल की जिंदगी शुरू ही हुई थी तभी फेसबुक पर पिंकी की जोगेंद्र से दोस्ती हो गई। यह दोस्ती दोनों की इस तरह बढ़ी की दोनों के एक दूसरे से नजदीकी सम्बंध हो गए। और इसी प्रेमी जागेंद्र के कहने पर पिंकी ने पति को तलाक दे दिया। पति मदनपाल को तलाक देने के बाद कुछ माह तक पिंकी अपनी बेटी को लेकर मायके में रही, बाद में वह प्रेमी जोगेंद्र के साथ किराए के मकान में रहने लगी। पहले पति से इकलौती बेटी को मायके में छोड़ दिया। पिंकी की बेटी जिसकी उम्र 8 साल है वह अभी भी अपनी नानी के पास रह रही है।

पिंकी सागर को यह अंदाजा नहीं था कि जिस जोगेंद्र के लिए वह पति को तलाक दे रही है, एक दिन वही प्रेमी जान का कातिल बन जायेगा। 4 मई की दोपहर को हुआ भी यही, कि किराए के मकान में प्रेमी जाेगेंद्र ने पहले पिंकी सागर को बेरहमी से पीटा और फिर उसकी हत्या कर दी, पुलिस के अनुसार शरीर पर मिले चोट के निशान इस बात की गवाही देर रहे थे कि पिंकी के साथ प्रेमी जोगेंद्र ने हत्या से पहले जुल्म ढहाए।

जोगेंद्र भी शराब पीने का आदी हो चुका था, इस बात से पिंकी परेशान रहने लगी थी। कई बार पिंकी ने जोगेंद्र को यह समझाने का प्रयास किया कि वह शराब पीनी छोड़ दे, इस बात पर दोनों में झगड़ा होता था। पिंकी ने जोगेंद्र से शादी तो नहीं की, लेकिन दोनों एक दूसरे के साथ लिव में रह रहे थे।

इंस्पेक्टर बिथरी संजय तोमर ने बताया कि घटना के बाद से पिंकी का प्रेमी जोगेंद्र फरार है। पिंकी की मां ने जोगेंद्र पर ही हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है, पुलिस ने जोगेंद्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को तलाश रही है। शव देखकर लग रहा है कि शव मिलने से कुछ घंटे पहले ही हत्या की गई है।
'