Today Breaking News

ट्रेन के गुजरते ही भरभराकर गिरा ओवरब्रिज, 3 करोड़ लागत से बन रहा था; ठेकेदार और अधिकारी भागे

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, महराजगंज. महराजगंज के फरेंदा में सोमवार रात निमार्णाधीन ओवरब्रिज का एक हिस्सा ढह गया। मलबे में 7 मजदूर दब गए। 4 जेसीबी से मलबा हटाया गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी मजदूरों को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा। 2 को गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर किया गया है।
जेसीबी बुलाकर मलबा हटवा गया।
घायल मजदूर अनिल ने बताया, पुल के एक लेन पर काम चल रहा था। दो पिलर के बीच छत पड़ रही थी। घटना से 1 घंटे पहले ही लेंटर पर कन्क्रीट का मसाला भरा गया था। निर्माण कार्य से 10 मीटर की दूरी पर ही रेलवे लाइन है। रात में वहां से एक एक्सप्रेस ट्रेन तेज रफ्तार में गुजरी। ट्रेन के गुजरते ही ओवरब्रिज का निर्माणाधीन करीब 10 मीटर हिस्सा गिर गया।

घटना से पहले कंपनी के अधिकारी और ठेकेदार मौके पर मौजूद थे। लेकिन ओवरब्रिज गिरते ही वो लोग भाग गए। हमें आसपास के लोगों और पुलिस ने बचाया।

सीएम के आदेश के बावजूद मौके पर नहीं पहुंचे अधिकारी
घटना पर सीएम योगी ने संज्ञान लिया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए। सीएम के निर्देश के बावजूद अभी तक जिले लेबल का कोई अफसर मौके पर नहीं पहुंचा है। 110 मीटर लंबे पुल की लागत 3 करोड़ बताई जा रही है। SHO धर्मेंद्र सिंह हादसे की जांच कर रहे हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर आ गई। लोगों का आरोप है कि ओवरब्रिज के निर्माण में घटिया मैटेरियल का यूज किया जा रहा है। तभी ये हादसा हुआ है।

गनीमत थी कि हादसा रात में हुआ। अगर दिन में होता तो और मजदूर इसकी चपेट में आते। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जिम्मेदारों ने घटना छुपाने के लिए आधा मलबा रात में ही हटवा दिया।

महराजगंज के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र में गोरखपुर सोनौली हाईवे पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य 2024 में शुरू हुआ। पीएनसी नाम की संस्था ये निर्माण करा रही है।
घटना में घायल मजदूरों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में घायल मजदूरों की पहचान हाथरस के अनिल (23), योगेश (26) और योगेश (27), बदायूं के टिंकु (30), लोनी (30) और ब्रह्मपाल (35), बांदा के बालकृष्ण (30) और सुरेंद्र (32) के रूप में हुई है। अभी घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

पीएनसी कंपनी के एचआर लवकुश वर्मा ने बताया, हादसे के बाद कंपनी के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों का एक्सरे करवाया गया है। अभी सभी की हालत ठीक है। 2 का इलाज गोरखपुर में करवाया जा रहा है।
 
 '