Today Breaking News

पिता ने बेटी के प्रेमी की दिनदहाड़े हत्या की, 10 किमी पीछा किया, बीच सड़क ताबड़तोड़ चाकू मारे

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, जौनपुर. जौनपुर में अफेयर में 22 साल के डी फार्मा छात्र की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। वारदात को लड़की के 45 साल के पिता ने अंजाम दिया। आरोपी ने छात्र का घर से 10 किमी तक पीछा किया। फिर सुनसान जगह पर ओवरटेक करके उसकी बाइक रोक ली।
यह मृतक छात्र अनुज यादव की फाइल फोटो है। वह डी फार्मा सेकेंड ईयर का छात्र था।
छात्र जब तक कुछ समझ पाता, तब तक लड़की के पिता ने गले में ताबड़तोड़ 4 बार चाकू मारे। छात्र खून से लथपथ होकर वहीं गिर गया। इसके बाद आरोपी बाइक लेकर भाग गया। वारदात जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर समाधगंज कुरनी पंचायत भवन के सामने बुधवार सुबह की है।

ASP ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया- छात्र का नाम अनुज यादव, आरोपी का नाम मनोज यादव है। दोनों पड़ोसी हैं। बेटी से अफेयर होने के चलते पिता ने छात्र की हत्या को अंजाम दिया है। आरोपी मनोज यादव गिरफ्तार हो गया है।

अब पूरी वारदात सिलसिलेवार पढ़िए...
ASP ने बताया- अनुज यादव मछलीशहर के जमालपुर गांव में रहता था। वह प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलॉजी कॉलेज से डी फार्मा सेकेंड ईयर का छात्र था। उसका बुधवार सुबह 8 बजे से एग्जाम था। कॉलेज से घर की दूरी 35 किमी है। इसलिए वह सुबह 5.45 बजे घर से बाइक लेकर कॉलेज के लिए निकला था।

अनुज के ही पड़ोसी मनोज यादव ने उसका घर से ही पीछा करना शुरू कर दिया। 10 किमी दूर सुनसान जगह पर मनोज ने ओवरटेक करते हुए अपनी बाइक अनुज की बाइक के आगे लगा दी। हड़बड़ाकर अनुज रुक गया।

अनुज बाइक छोड़कर भागा तो दौड़ाकर चाकू मारे मनोज को देखकर अनुज घबरा गया। उसने अपनी बाइक खड़ी कर दी और भागने लगा। गुस्से में मनोज ने भी करीब 100 मीटर तक उसका पीछा किया, फिर अनुज पर चाकू से हमला कर दिया। मनोज ने सबसे पहले अनुज के गले के नीचे चाकू मारा।

इससे अनुज खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद मनोज उसकी छाती पर चढ़कर बैठ गया। फिर 3 बार चाकू मारे और गला रेत दिया। अनुज की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। घटनास्थल से गुजर रहे राहगीरों में से किसी ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीण अनुज को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चरवाहे ने पुलिस को बताया आरोपी की बाइक का नंबर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, वारदात के समय घटनास्थल के करीब कुछ चरवाहे भैंस चरा रहे थे। उन लोगों ने मनोज यादव को रोकने की कोशिश की। मगर हाथ में चाकू देखकर पीछे हट गए।

इसके बाद भागते समय उसकी मोबाइल से फोटो खींची, जिसमें उसके साथ बाइक का नंबर भी आ गया। बाइक के नंबर से पुलिस ने मनोज की पहचान की और उसके घर पहुंची। छात्र के परिवार वालों को फोटो दिखाई, जिसके बाद यह कंफर्म हो गया कि वो मनोज ही है, जिसने छात्र अनुज यादव की हत्या की।

रिश्ते में आरोपी छात्र का चचेरा भाई लगता था ASP ने बताया- मनोज पुलिस के घर पहुंचने से पहले ही परिवार समेत मौके से फरार हो चुका था। घर के बाहर खड़ी बाइक का सायलेंसर गर्म था। जिससे पता चलता है कि पुलिस के पहुंचने से कुछ देर पहले ही वह निकला है। कुछ घंटे के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया है।
तस्वीर मनोज यादव की है। जिसने डी फार्मा छात्र की दिनदहाड़े हत्या कर दी।
वह रिश्ते में छात्र का चचेरा भाई लगता है। मनोज के परिवार में उसकी पत्नी सुनीता और पांच बेटियां खुशबू (22) , वर्षा (20) , सिद्धू, गोलू और एक अन्य हैं। इनमें से 2 प्रयागराज में रहकर कंपटीशन की तैयारी कर रही हैं। इन्हीं में से एक से अनुज का कई साल से प्रेम-प्रसंग था। परिवार को इसकी भनक लग गई थी। इसी वजह से मनोज यादव अनुज से खुन्नस रखता था।

मां बोलीं- मनोज आए दिन धमकी देता था अनुज की मां गीता देवी ने बताया- आज जब बेटा अनुज बाइक लेकर निकला, उसके ठीक 10 मिनट बाद मनोज यादव भी उसके पीछे बाइक लेकर निकला। मुझे तभी शक हुआ। मैंने बड़े बेटे अरुण को फोन किया, पर रिसीव नहीं हुआ।

थोड़ी देर बाद उसका फोन आया तो मैंने बताया कि अनुज के पीछे मनोज भी बाइक लेकर निकला है। अरुण ने अनुज के नंबर पर फोन किया तो पुलिस ने कॉल रिसीव किया और घटना की जानकारी दी।

मनोज रिश्ते में मेरा भतीजा लगता है। वो मेरे बड़े ससुर का नाती है। रोज गाली देकर धमकाता था। रास्ते को लेकर विवाद करता था। झूठे आरोप लगाता था। मेरे बड़े बेटे ने 6 महीने पहले गाली देने के चलते उसे पीटा था। तब पुलिस भी आई थी। मगर समझौता हो गया था।

बहन ने कहा- अनुज को पहले भी मारने की कोशिश की बड़ी बहन सुमन ने बताया- जब अनुज कक्षा-4 में था, तब भी मनोज ने उसे बुरी तरह पीटा था। गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की थी। चाकू दिखाकर कहा था- अगर किसी को बोला तो जान से मार देंगे। डर के कारण अनुज ने कई दिनों के बाद इस बात की जानकारी परिवार को दी थी।

मनोज यादव के परिवार से 15 साल से रंजिश चल रही है। 15 साल पहले वह गांव में अपना घर बनवा रहा था। हमारे खेत से जबरन मिट्‌टी खोदने लगा तो हम लोगों ने मना किया था। इसके बाद से ही वह परिवार से रंजिश रखने लगा था।

अनुज के पिता भोला खेती करते हैं। बड़ा भाई अरुण यादव मुंबई में नौकरी करता है। उसकी तीन बहनें हैं और सभी की शादी हो चुकी है। छात्र की हत्या के बाद से गांव में तनाव है। कई थानों की फोर्स लगा दी गई है।

एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें गठित की गई थीं। घटना के कुछ घंटे बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।

उसने बताया कि अनुज यादव का उसकी बेटी से मेलजोल था। इसी बात से नाराज होकर उसने चाकू से वार कर अनुज की हत्या कर दी। पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त चाकू और अभियुक्त की बाइक भी बरामद कर ली है। मामले की जांच एसओ सिकरारा को सौंपी गई है।
 
 '