Today Breaking News

दूल्हे ने मांगी चारपाई, ससुर ने लौटाई बारात, शादी के बाद बिना दुल्हन लौटा दूल्हा, बोला- मेरा क्या कसूर था

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, अमेठी. अमेठी में शादी के बाद दुल्हन के पिता ने विदाई से इनकार कर दिया। शुक्रवार रात शादी हुई। शनिवार सुबह विदाई होने वाली थी। तभी दूल्हे ने बैठने के लिए ससुर से चारपाई मांग ली। ये बात उन्हें बुरी लग गई। ससुर ने दामाद को गाली दे दी, तो दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। इसके बाद ससुर ने बेटी की विदाई से इनकार कर दिया।
दूल्हे तिलकराम ने कहा- मैंने मनाने की बहुत कोशिश की, लेकिन पत्नी की विदाई नहीं की।
दूल्हा और उसके परिजनों ने दुल्हन के पिता को समझाने की बहुत कोशिश की। लेकिन वह नहीं माने। दूल्हा पक्ष के लोग थाने पहुंचे। जब पुलिस के समझाने पर भी नहीं माने तो बिना दुल्हन के बारात लौट गई। दूल्हे ने कहा कि इसमें मेरा क्या कसूर था। मामला बाजार शुकुल क्षेत्र के जौदिल मऊ गांव का है।

अब पढ़िए पूरा मामला...
जौदिल मऊ गांव के सोहनलाल रैदास की बेटी निशा (23) की शादी भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र के शादीपुर गांव निवासी तिलक राम (25) के साथ तय हुई। शुक्रवार को बारात गांव पहुंची। घरातियों ने बारातियों का स्वागत किया। द्वारपूजा, जयमाल समेत सभी वैवाहिक रस्में हुईं। विधि विधान से शादी संपन्न हो हुई। सबकुछ सही चल रहा था।

शनिवार सुबह चारपाई मांगने पर ससुर और दामाद में विवाद हो गया। सोहनलाल ने बेटी की विदाई करने से मना कर दिया। रिश्तेदारों ने लाख समझाया, लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद दूल्हे ने फोन करके 112 पुलिस बुलाई। पुलिस ने भी सोहनलाल को समझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने।
दूल्हे के पिता बोले- रिश्ता तोड़ने की धमकी दी
दूल्हे के पिता राम गुलाम ने बताया- कल मेरे बेटे तिलकराम की शादी निशा के साथ हुई। शादी के बाद सुबह करीब 3.30 बजे बेटे ने आराम करने के लिए अपने ससुर से चारपाई की मांग की। इसको लेकर सोहनलाल और उनके भाई बाई साहू विवाद करने लगे। उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। रिश्ता तोड़ने की धमकी देने लगे।

शराब के नशे में धुत थे समधी
राम गुलाम ने बताया, इसके बाद विदाई से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने हमारे साथ अभद्र व्यवहार किया। समाज और रिश्तेदारों के सामने हमारी बेइज्जती की। धमकी दे रहे हैं कि जो करना है कर लो। घटना के वक्त हमारे समधी शराब के नशे में धुत थे।

क्या मैं अपनी शादी में खुद चारपाई उठाता?
दूल्हे तिलकराम ने कहा- शादी के बाद मेरी पत्नी की विदाई नहीं कर रहे हैं। मैंने तो केवल चारपाई के लिए बोला था। अपनी शादी में मैं खुद चारपाई थोड़े ही उठाऊंगा। इसी बात पर ससुर विवाद करने लगे। दूल्हे के पिता ने बाजार शुकुल थाने में शिकायत दी है।

थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र ने बताया कि लड़का पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर भेजी गई। फिलहाल दुल्हन विदा नहीं हो सकी है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 
 '