Today Breaking News

आजमगढ़ में दौड़ाकर 2 को गोली मारी, हाथ में तमंचा लेकर पीछे भागा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, आजमगढ़. आजमगढ़ में युवक ने दो लोगों को दौड़ाकर गोली मार दी। युवक के पिता घर के पास सेफ्टी टैंक बनवा रहे थे। पड़ोसियों ने युवक के पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस पर युवक ने दो लोगों को दौड़ाकर लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। एक के कमर व दूसरे के पेट में गोली लगी है।
घटना जहानागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव की है। इसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें युवक पिस्टल लेकर भागते हुए नजर आ रहा है। गोली चलते ही चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है।

पुलिस ने बताया कि शाहपुर गांव निवासी गुड्डू सिंह ई रिक्शा चलाते हैं। रविवार सुबह वह अपनी जमीन में सेफ्टी टैंक बनवा रहे थे। मजदूर मिस्त्री पहुंचे तो पड़ोसी अभिषेक सिंह और बृजमोहन ने काम रुकवा दिया। इस पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

अभिषेक सिंह और बृजमोहन के परिवार के लोग गुड्डू सिंह और उनके परिवार को लाठी डंडों से पीटने लगे। पिता को पिटते देख गुड्डू सिंह का बेटा आनंद (22) घर से पिस्तौल लेकर आया। पिस्टल देखते ही अभिषेक सिंह (24) और बृजमोहन सिंह (43) वहां से भागने लगे। आनंद ने दोनों को दौड़ाकर गोली मार दी।

गोली लगते ही अभिषेक और बृजमोहन जमीन पर गिर पड़े। आनंद मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घायलों के परिजनों की तहरीर पर आनंद सिंह, रणविजय और नन्हे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 4 टीमों का गठन किया गया है। सूचना पर एसपी सिटी शैलेंद्र लाल हॉस्पिटल पहुंचे। एसपी ने बताया कि दोनों घायलों की हालत खतरे से बाहर है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
 
 '