Today Breaking News

गाजीपुर में नौसेना में भर्ती के लिए युवक ने बनाया फर्जी चरित्र प्रमाण-पत्र, SP की मुहर और हस्ताक्षर प्रयोग किया, FIR दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के थाना करंडा क्षेत्र में सीतापट्टी गांव के रहने वाले आदित्य सिंह पर भारतीय नौसेना में नौकरी पाने के लिए फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र जमा करने का मामला सामने आया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।
भारतीय नौसेना के आईएनएस चिल्का की पीआरओ नम्रता पंत ने 28 अप्रैल को एक ईमेल भेजा। इसमें आदित्य सिंह द्वारा 17 अप्रैल को जमा किए गए चरित्र प्रमाण पत्र के सत्यापन की मांग की गई थी।

जांच में पता चला कि यह प्रमाण पत्र कार्यालय से जारी नहीं किया गया था। सीओ नगर गाजीपुर की जांच में खुलासा हुआ कि आदित्य सिंह ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को छिपाया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक की फर्जी मुहर और हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर झूठा चरित्र प्रमाण पत्र तैयार किया।

बताया गया कि आदित्य सिंह ने यह फर्जी प्रमाण पत्र नौसेना में भर्ती के लिए जमा किया। जो कि एक दंडनीय अपराध है। इस मामले में पुलिस कार्यालय के चरित्र सत्यापन लिपिक जगनारायण की तहरीर पर आदित्य सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

शहर कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि फर्जी मामले में आरोपी आदित्य सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 
 '