गाजीपुर में बकरीद पर प्रशासन की कड़ी तैयारी, खुले में कुर्बानी करने पर रोक, होगा एक्शन
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में बकरीद और गंगा दशहरा त्योहारों को लेकर केंद्रीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने की। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने धार्मिक प्रबुद्धजनों और विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि त्योहार में कोई नई परंपरा शुरू न की जाए। पिछले सालों की तरह ही कुर्बानी दी जाए। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। खुले में कुर्बानी देने पर भी रोक रहेगी।
कुर्बानी के बाद अवशेषों को खुले में फेंकने पर प्रतिबंध लगाया गया है। जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग को सभी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को नमाज के मुख्य मार्गों पर जर्जर तारों की मरम्मत का आदेश दिया गया। त्योहार के दौरान बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने को कहा गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका और नगर पंचायत के अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। त्योहार के दिन सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी पहले से तय करने के निर्देश दिए गए हैं।
बकरीद त्योहार को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कुर्बानी केवल पूर्व निर्धारित परंपरागत स्थलों पर ही की जाएगी। खुले में कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कुर्बानी का फोटो और वीडियो बनाने तथा सोशल मीडिया पर शेयर करने पर भी रोक लगाई है।
सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्र में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। धार्मिक रूप से संवेदनशील मामलों में माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, जिलाधिकारी ने आगामी 5 जून को गंगा दशहरा के लिए भी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सभी घाटों पर बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, नाव और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था की जाएगी। किसी भी समस्या की स्थिति में नागरिक तुरंत स्थानीय पुलिस चौकी या थाने से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि हर समस्या का तत्काल समाधान किया जाएगा।