Today Breaking News

पत्नी ने पति को नदी में धक्का देकर मार डाला, प्रेमी संग 3 दिन घूमती रही, 18 साल पहले की थी लव मैरिज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, सिद्धार्थनगर. सिद्धार्थनगर में पत्नी पति को लेकर मंदिर गई। उसे प्रसाद में जहर दे दिया। बेहोश होते ही पति को राप्ती नदी के पुल से नीचे फेंक दिया। फिर पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। हत्या के समय महिला का प्रेमी भी उसके साथ था। वह प्रेमी के साथ तीन दिन तक घूमती रही।
संगीता और कन्नन की 18 साल पहले लव मैरिज हुई थी।
महिला ने पति के साथ 18 साल पहले लव मैरिज की थी। अब प्रेमी के लिए उसने पति की हत्या कर दी। पुलिस ने 8 दिन बाद नदी किनारे मृतक का कंकाल बरामद किया। भाई के आरोप पर पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो हत्याकांड खुल गया। पुलिस ने महिला से 8 साल छोटे प्रेमी को भी अरेस्ट किया है।

अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरा घटनाक्रम...
सिद्धार्थनगर के ढेबरुआ थाना क्षेत्र के रेहकट नजरगढ़वा गांव निवासी कन्नन (48) ने 18 साल पहले संगीता (35) से लव मैरिज की थी। दोनों का एक 12 साल का बेटा भी है। शुरुआत में सब कुछ ठीक रहा। मगर 2 साल पहले संगीता की मुलाकात बलरामपुर के रहने वाले अनिल शुक्ला उर्फ विवेक (27) से ट्रेन में हुई। दोनों के बीच अफेयर शुरू हो गया। वह ललिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर धर्मपुर गांव का रहने वाला है।

संगीता ने अनिल की मुलाकात अपने पति कन्नन से भी करवाई। अनिल का उसके घर अक्सर आना जाना लगा रहता था। कन्नन को इसी बीच पत्नी और अनिल के रिश्ते की भनक लग गई। वह रोक-टोक करने लगा। संगीता हर बार सिर्फ दोस्ती की बात कहकर मामले को टाल देती थी। पति जब ज्यादा विरोध करने लगा तो संगीता ने प्रेमी संग मिलकर उसकी हत्या का प्लान बनाया।

पुलिस ने बताया- 2 जून को संगीता ने घूमने का प्लान बनाया। अनिल को भी बुला लिया। तीनों कार में सवार होकर श्रावस्ती में मौजूद विभूति नाथ मंदिर पहुंचे। यहां दर्शन किया। वापस आते समय बीच रास्ते में प्रसाद में जहर मिलाकर कन्नन को खिला दिया। इसके बाद बलरामपुर जिले के कोड़ारी पुल पर कार रोकी। फिर पति कन्नन के शव को 25 फीट ऊंचे पुल से राप्ती नदी में फेंक दिया।

संगीता ने पुलिस को गुमराह करने के लिए 2 जून को सिद्धार्थनगर के ढेबरुआ थाने में पति की गुमशुदगी की ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद संगीता और अनिल कार लेकर बलरामपुर और अन्य जिलो में घूमते रहे। 5 जून को संगीता अपने ससुराल वापस पहुंची और पति के गुम होने की बात बताई।

संगीता के 12 साल के बेटे रवि कश्यप ने बताया- 2 जून को पापा, मम्मी के साथ गए थे। अनिल अंकल भी साथ थे। मम्मी तो लौट आईं, पर पापा नहीं लौटे। मम्मी ने वहीं पर पापा को मारकर फेंक दिया।

भाई बाबूलाल ने दर्ज कराई गुमशुदगी, कहा-
मुझे संगीता पर पहले से ही शक था। अनिल से मिलने पर भाई विरोध करता तो लड़ाई करती थी। संगीता ने कन्नन के लापता होने की कहानी बताई तो विश्वास नहीं हुआ। मैंने 9 जून को ढेबरुआ थाने में दोबारा कन्नन की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने संगीता से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात स्वीकारी। फिर पुलिस ने बलरामपुर के कोड़ारी पुल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर कन्नन का कंकाल बरामद किया।

दूसरी बार पूछताछ में टूटी संगीता, पढ़िए कबूलनामा...
बलरामपुर के धर्मपुर गांव निवासी अनिल से मेरा अफेयर 5 साल से चल रहा है। वो मेरे घर आता जाता था। पति को यह बात खटकती थी। इसलिए हमने उसे मारने का प्लान बनाया। 2 जून को मैंने अनिल को घर बुलाया। फिर एक गाड़ी से तीनों घूमने के बहाने निकले। हम घर से 60 किलोमीटर दूर बलरामपुर में राप्ती नदी के किनारे पहुंचे। वहां हमने खाने की चीज में कन्नन को जहर दे दिया। बेहोशी की हालत में राप्ती नदी में फेंक दिया। फिर हम दोनों घर चले आए। इसके बाद पुलिस से पति के गायब होने की शिकायत की।

ट्रेन में हुई थी मुलाकात, आए दिन प्रेमी से मिलने लगी
कन्नन के परिजनों ने बताया- 5 साल पहले दिल्ली जाते समय ट्रेन में संगीता की मुलाकात अनिल से हुई थी। अनिल बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित एक होटल में मैनेजर था। दोनों के बीच अफेयर शुरू हो गया। संगीता अक्सर बलरामपुर जाकर तुलसीपुर में अनिल से मिलती थी। इस बात का कन्नन को पता चला गया था। कन्नन गांव में ही खेती करता था।

सीओ सुजीत राय ने बताया कि 2 जून को संगीता थाना ढेबरुआ थाना में संगीता में अपने पति के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। कहा- मेरे पति तीन दिन से घर नहीं आए। मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई।
कन्नन हत्याकांड में आरोपी अनिल कुमार शुक्ला और संगीताको गिरफ्तार कर जेल भेजा।
9 जून को कन्नन के भाई बाबूलाल ने- संगीता और उसके प्रेमी पर आरोप लगाया। संगीता को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने गुमराह करने की कोशिश की। कड़ाई से पूछने पर उसने हत्या की बात कबूली। बलरामपुर के प्रेमी का भी नाम बताया। संगीता की निशानदेही पर शव बरामद किया गया। महिला के प्रेमी अनिल शुक्ला को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने हत्याकांड में आरोपी अनिल कुमार शुक्ला और संगीता पत्नी कन्नन कश्यप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
 
 '