UP Weather Update: 30 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 48 घंटे में पूरे यूपी को कवर करेगा मानसून, बिजली गिरने की संभावना
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. यूपी में मानसून ने कुछ उत्तरी-पश्चिमी कुछ जिलों और एनसीआर को छोड़कर पूरे प्रदेश को कवर कर लिया है। आने वाले 48 घंटे में मानसून पूरे यूपी को कवर कर लेगा। वहीं आज 30 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।
इनमें से चार जिलों प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर और भदोही में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं 58 जिलों में बिजली गिरने की संभावना है। शुक्रवार को प्रयागराज, मिर्जापुर, अमेठी, उन्नाव आदि में बादल जमकर बरसे। राजधानी लखनऊ में भी अच्छी बारिश हुई।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार से प्रदेश के दक्षिणी इलाकों समेत विंध्य क्षेत्र और बुंदेलखंड में भी अच्छी बारिश देखने को मिलेगी। आगामी 48 घंटे में मानसून पूरे यूपी को कवर कर लेगा।
शुक्रवार को झांसी, गोरखपुर समेत 25 शहरों में बारिश हुई। राजधानी लखनऊ में पूरी रात रुक-रुक कर बारिश हुई। रिंग रोड की सर्विस लेन 30 फीट तक धंस गई। अमेठी में इतनी बारिश हुई कि एसपी ऑफिस, गौरीगंज कोतवाली और आसपास का पूरा क्षेत्र तालाब बन गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने एसपी ऑफिस से पानी निकाला।
प्रयागराज में सुबह जोरदार बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया। मिर्जापुर में बारिश के चलते नटवा रेलवे ब्रिज के नीचे भारी जलभराव हो गया, जिसमें दो ट्रक फंस गए। क्रेन की मदद से ट्रकों को बाहर निकाला गया। प्रतापगढ़ के लालगंज में रात में इतनी बारिश हुई कि लोगों के बेडरूम में पानी घुस गया। लोग बाल्टी और वाइपर से पानी निकालते नजर आए।
सोनभद्र में मूसलाधार बारिश से रेलवे अंडरब्रिज के नीचे पानी भर गया। इसमें यात्रियों से भरी रोडवेज बस फंसकर बंद हो गई। इसके बाद यात्रियों ने धक्का देकर बस को बाहर निकाला।
वहीं कानपुर में शुक्रवार शाम तक 40 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मानसून आगरा से होते हुए रामपुर तक पहुंचा
मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के सीनियर साइंटिस्ट मोहम्मद दानिश ने बताया- शुक्रवार को दक्षिण पश्चिमी मानसून आगरा से होते हुए रामपुर तक पहुंच गया। यूपी में औसतन 18 जून तक मानसून हिट करता है। इस बार बिल्कुल ठीक समय पर मानसून ने ललितपुर, सोनभद्र के रास्ते हिट किया है। इसलिए अच्छी बारिश की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया, बारिश से प्रदेश के सभी स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चले गए। झांसी में 10 साल का रिकॉर्ड टूटा है। शुक्रवार को 28.7°C के साथ झांसी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। इससे पहले 2015 में इतना तापमान रिकॉर्ड हुआ था। जबकि झांसी के 1969 के इतिहास में यह 10वीं बार है।