गाजीपुर में प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण का विरोध, व्यापारियों ने जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में जंगीपुर के व्यापारियों ने महाराजगंज से जंगीपुर तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण का विरोध किया है। जंगीपुर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष प्रतिनिधि लालजी गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
लोक निर्माण विभाग गाजीपुर के अधिशासी अभियंता ने सड़क के मध्य से दोनों तरफ 110 फीट तक सड़क निर्माण की योजना शासन को भेजी है। व्यापारियों का कहना है कि इस निर्माण से पूर्वांचल की सबसे बड़ी कृषि उत्पादन मंडी और प्राचीन जंगीपुर बाजार प्रभावित होंगे।
नगर पंचायत जंगीपुर ने सड़क के दोनों किनारे पर पहले से नाला और इंटरलॉकिंग पटरी का निर्माण करा रखा है। वर्तमान में भी नाला निर्माण कार्य जारी है। व्यापारियों के अनुसार, नए मार्ग के लिए इन्हें तोड़ने से राजस्व की हानि होगी।
व्यापारियों ने एक वैकल्पिक समाधान प्रस्तुत किया है। जंगीपुर बाजार के पीछे पश्चिमी छोर पर पहले से मौजूद फोरलेन को जोड़कर व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बचाया जा सकता है। मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत अंधऊं से चौकियां फोरलेन से महाराजगंज और जंगीपुर के बीच यातायात की समस्या का समाधान हो सकता है।
व्यापारियों ने जिलाधिकारी से प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण को रोकने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में प्रभुदयाल बर्मा, राजकुमार, श्रवण मद्धेशिया, विनोद गुप्ता, मुकेश, राजेश गुप्ता, अमित गुप्ता और सुधीर शामिल थे।