Today Breaking News

पुलिसवाले बने घराती, बेसहारा बिटिया की शादी कराई, SP की पत्नी ने डेढ़ लाख दिए; STF CO पूरे दिन डटे रहे

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गोंडा. यूपी STF और पुलिस ने गुरुवार को गोंडा में एक बेटी की शादी कराई। SP विनीत जायसवाल अपनी पत्नी डॉ. तन्वी के साथ शादी में पहुंचे। STF CO डीके शाही सुबह से डटे रहे। दूल्हा प्रदीप शाम को बारात लेकर दुल्हन के दरवाजे पर पहुंचा। SP और अन्य पुलिसवालों ने बारात का स्वागत किया।
चुनरी पकड़ करके दुल्हन को लाते CO तरबगंज डॉ. यूपी सिंह और उमरी बेगमगंज थाना अध्यक्ष नरेंद्र प्रताप राय।
द्वार पूजा में एसपी, CO डीके शाही और ASP पश्चिमी राधेश्याम राय पगड़ी में नजर आए। CO तरबगंज डॉ. यूपी सिंह और उमरी बेगमगंज थाना अध्यक्ष नरेंद्र प्रताप राय ने भाई का फर्ज निभाया। दुल्हन को स्टेज तक ले गए। जयमाल के बाद पहले दुल्हन की मां शकुंतला, फिर पुलिसवालों ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। शादी का सारा खर्चा STF और पुलिस ने उठाया है।

मामला उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के धन्नीपुरवा गांव का है। दुल्हन के भाई की डेढ़ महीने पहले लुटेरों ने हत्या कर दी थी। हत्या के बाद लड़के वालों ने लुटेरों के डर से शादी करने से इनकार कर दिया। एक तो भाई की मौत, दूसरी तरफ बहन की शादी टूट गई। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पता चलने पर STF और यूपी महिला आयोग ने बिटिया की शादी की पूरी तैयारी की। पढ़िए शादी की पूरी कहानी...
SP विनीत जायसवाल, STF के CO धर्मेश कुमार शाही, गोंडा भाजपा नेता कमलेश प्रताप सिंह और बेलसर ब्लाक प्रमुख राजेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू सिंह ने आशीर्वाद दिया।
एसपी और उनकी पत्नी ने दुल्हन को गिफ्ट दिए एसपी विनीत जायसवाल और उनकी पत्नी तन्वी ने दुल्हन को कई गिफ्ट दिए। 1.51 लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर और घरेलू सामान देकर मदद की। गुलदस्ता देकर शादी की बधाई दी। राज्य महिला आयोग सदस्य ऋतु शाही ने दुल्हन को मेकअप समेत गृहस्थी का सामान दिया। वहीं, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय ने 60 हजार रुपए का सहयोग किया।
पुलिस ने सजाया पंडाल अधिकारियों ने खुद ही शिवकुमारी की शादी के लिए पंडाल सजवाया। पुलिस जवानों ने मिलकर पंडाल में झालरें लगवाईं और बारातियों के खाने की तैयारियों के लिए रसोइयों के साथ जुटे रहे। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए। हत्या के बाद लड़की की शादी टूट गई थी एसटीएफ सीओ डीके शाही ने बताया, भाई की हत्या के बाद लड़की की शादी टूट गई थी। लड़की के पिता भी अब इस दुनिया में नहीं हैं। घटना की जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं।
एसपी और उनकी पत्नी ने दुल्हन को बुके दिया।
उन्होंने बताया यह एक अत्यंत गरीब परिवार है। लड़की गंभीर मानसिक व सामाजिक संकट से गुजर रही थी। STF चीफ तक पहुंचा था मामला ऋतु शाही के माध्यम से मामला यूपी एसटीएफ चीफ अमिताभ यश तक पहुंचा। उन्होंने शादी कराने का निर्णय लिया। शादी की सभी तैयारी एसटीएफ ने कराई है। सुरक्षा इंतजामों के बीच विवाह कार्यक्रम संपन्न कराया गया। हम लड़की के आंसू तो नहीं रोक सकते, लेकिन एसटीएफ और स्थानीय समाजसेवियों की मदद से हमने प्रयास किया है कि उसके दुख को थोड़ा कम कर सकें।

बेटी की शादी कराने में बिल्कुल भी सक्षम नहीं थे यूपी राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने कहा- जब मैं इस परिवार से मिलने आई थी, तब हमने उनकी स्थिति देखी। वे इस समय बेटी की शादी कराने में बिल्कुल भी सक्षम नहीं थे। उस समय हमने आश्वासन दिया था कि आप परेशान न हों, हम लोग मिलकर बेटी की शादी की पूरी व्यवस्था करेंगे। हमने वादा किया था विवाह में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
दुल्हन के लिए घरेलू सामान लेकर पहुंची गोंडा पुलिस।
परिवार भी संतुष्ट है और बेटी भी खुश है ऋतु शाही ने कहा- हम सब मिलकर बेटी की शादी करा रहे हैं। परिवार भी संतुष्ट है, और बेटी भी खुश है। जो अब इस दुनिया में नहीं रहा, उसकी कमी तो पूरी नहीं की जा सकती, लेकिन बेटी का जो सपना था, उसे पूरा करने का हमने संकल्प लिया। हमारी यही कामना है कि यह बेटी जहां भी जाए, सुखी रहे, स्वस्थ रहे और उसका परिवार अच्छे से चले। हम पीड़ित परिवार के साथ हम हमेशा खड़े रहेंगें।

अब जानिए दुल्हन के भाई की कैसे हुई थी हत्या... धन्नीपुरवा गांव में 24 अप्रैल को देवीदीन के घर में 3 बदमाश घुसे थे। उनकी बहन की शादी के लिए रखा सामान को लूटकर ले जाने लगे। देवीदीन के छोटे भाई शिवदीन (22) ने आरोपियों का पीछा किया। बदमाशों ने शिवदीन की गोली मारकर हत्या कर दी। सामान लेकर फरार हो गए। बाद में पता चला कि तीनों ही आरोपी कुख्यात पासी गैंग से जुड़े हुए थे।

STF-पुलिस ने बदला लिया STF और पुलिस ने शिवदीन की हत्या के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित कीं। 20 मई को पुलिस ने मुठभेड़ में एक लाख के इनामी बदमाश सोनू पासी उर्फ भुर्रे को मार गिराया। सोनू पासी के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती जैसे 48 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे।

इसके बाद 22 मई को STF ने गैंग लीडर ज्ञानचंद्र पासी को भी ढेर कर दिया था। ज्ञान पासी पर 70 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे। 4 आरोपियों को हाफ एनकाउंटर के बाद दबोचा लिया। सातवें आरोपी ने अयोध्या में सरेंडर कर दिया था।

पासी गैंग से डरकर लड़कों वालों ने शादी तोड़ी 5 मई को शिवदीन की बहन उदय कुमारी (19) की शादी तय थी। 5 मई को ही शादी होनी थी, लेकिन पासी गैंग से डरकर लड़के वालों ने रिश्ता तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, लड़के वालों को डर था कि कहीं पासी गैंग उन पर हमला न कर दे। शादी टूटने के बाद से परिवार परेशान हो गया था। हालांकि समझाने के बाद दूल्हा आर और उसके परिजन शादी करने को तैयार हुए थे।
मां शकुंतला देवी ने कहा कि पुलिसवालों ने एक परिवार की तरह पूरा फर्ज निभाया।
मां बोली- पुलिस ने निभाई बेटे की जिम्मेदारी उदय कुमारी की मां शकुंतला देवी ने कहा- मेरे बेटे को मार के बेटी की शादी का सारा सामान और पैसा लेकर लुटेरे चले गए थे। हमें तो यही चिंता थी कि अब बेटी की शादी कैसे होगी। पर पुलिस और एसटीएफ ने बेटे की तरह पूरी शादी का जिम्मा उठाया। सारा पैसा पुलिस और एसटीएफ ने ही दिया है। एसपी साहब की पत्नी और महिला आयोग की मैडम ने भी बहुत मदद की है। पुलिस न होती तो आज हमारी बेटी की शादी न हो पाती।
 
 '