गाजीपुर में 41+ डिग्री तापमान, अगले 2-3 दिन गर्मी से राहत नहीं
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। आज अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 5 दिनों से तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच बना हुआ है। पुरवा हवा के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम जानकारों के अनुसार, आने वाले दिनों में बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। विभाग ने लू चलने की भी चेतावनी दी है।
कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कालेज के मौसम विशेषज्ञ कपिल देव शर्मा के अनुसार, मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने से गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ा है। अगले 2-3 दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा। इसके बाद स्थिति में बदलाव की उम्मीद है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून 20 जून तक पहुंचने की संभावना है।
तेज धूप और लू के कारण लोग परेशान हैं। सूर्य की तीखी किरणों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। लोग चेहरे पर कपड़ा बांधकर और छाता लेकर घर से निकल रहे हैं। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही काफी कम हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है।