पूर्व प्रधान के खेत पर कब्जे का मामला, खूब चली लाठियां और कट्टे से फायरिंग, एक गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मऊ. मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र की ग्रामसभा गजियापुर में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शनिवार की सुबह पूर्व प्रधान मृत्युंजय शुक्ला और पहलवान रामप्रवेश यादव के बीच विवाद हो गया। आप तस्वीरों में देख सकते हैं कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठियां भाजी रही हैं। कुछ महिलाएं बीच बचाव भी करती दिख रही हैं।
विवाद की जड़ में खेत नंबर 186, 187 और 198 हैं। इन खेतों में कई लोगों का संयुक्त स्वामित्व है। आरोप है कि बीजेपी नेता रामप्रवेश यादव इन खेतों पर कब्जा कर जोताई कर रहे थे। इन खेतों में पूर्व प्रधान मृत्युंजय शुक्ला का भी हिस्सा है।
जब पूर्व प्रधान के परिवार के लोग खेत जोतने से मना करने पहुंचे, तो रामप्रवेश के समर्थकों ने कट्टे से फायरिंग कर दी। गनीमत रहा कि गोली किसी को नहीं लगी।
वहीं पूरे मामले पर थाना प्रभारी संजय त्रिपाठी ने बताया कि विवादित जमीन पिछले 2 साल से परती पड़ी थी। यादव पक्ष द्वारा जोताई का प्रयास करने पर विवाद शुरू हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।