गाजीपुर में किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, भागने की फिराक में था
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां के नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के एक गाँव में तीन दिन पहले भ्रूण हत्या और किशोरी से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शमशेर नट सुल्तानपुर, थाना मोहम्मदाबाद का रहने वाला है। पुलिस ने उसे सरहुला हाल्ट स्टेशन के रेलवे लाइन के पास से पकड़ा।
तीन दिन पहले थाना क्षेत्र के एक गांव में रात को एक नवजात का भ्रूण कुएं में मिला था। पुलिस ने भ्रूण को कुएं से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना से गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पास्को एक्ट, दुष्कर्म और भ्रूण हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
थानाध्यक्ष अभिराज सरोज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। टीम में उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा, आरक्षी चंद्रदेव और आरक्षी राहुल प्रजापति शामिल थे।
थानाध्यक्ष अभिराज सरोज ने बताया कि भ्रूण हत्या,पास्को एक्ट और किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को आज दबोच लिया गया,बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया।