गाजीपुर के युवक का 71 दिन बाद सउदी से लौटा शव, अप्रैल में हुई मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र के सक्कापुर गांव निवासी अर्जुन यादव का पार्थिव शरीर 71 दिन बाद स्वदेश लौटा है। वह जीविकोपार्जन के लिए सऊदी अरब गए थे। वहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी।
अर्जुन की पत्नी सुमित्रा देवी के अनुसार, अगस्त 2024 में ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। परिवार ने उन्हें वापस लाने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। बीते 30 अप्रैल को अर्जुन की मृत्यु हो गई।
परिजनों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, विदेश मंत्रालय समेत कई प्रतिनिधियों को पत्र लिखकर मदद मांगी। इसके बाद शव को हवाई मार्ग से लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट लाया गया।
शुक्रवार को परिजनों को शव सौंपा गया। एम्बुलेंस से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते शाम पैतृक आवास पहुंचा। हजारों लोगों ने अंतिम दर्शन कर शोक संवेदना व्यक्त की। देर शाम शहर के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के बड़े पुत्र आयुष यादव ने मुखाग्नि दी। बच्चों आयुषी और पियूष के रोने से मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।