फर्जी दरोगा शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा, भीड़ ने जमकर पीटा; पुलिस से बोला- चौकीदार था तभी आइडिया आया
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मेरठ. मेरठ में प्रेमिका से मिलने पहुंचे फर्जी दरोगा की भीड़ ने पिटाई कर दी। महिला के ससुराल वालों ने उसे घर में देखा तो शोर मचाने लगे। इससे मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। आरोपी के साथ लोग धक्का- मुक्की करने लगे। वह खुद को बचाने के लिए भागने लगा। तभी लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
![]() |
भीड़ ने फर्जी दरोगा की पिटाई कर दी। वह अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। |
सूचना पर इंचौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। फर्जी दरोगा को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया- उसने प्रेमिका को इंप्रेस करने के लिए नकली वर्दी पहन रखी है। उसके पास से पुलिस की वर्दी, फर्जी आईडी कार्ड और अन्य सामान बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए
एसएसपी डॉक्टर विपिन ताडा ने बताया- आरोपी का नाम शुभम राणा है, जो मुजफ्फरनगर के नई मंडी इलाके के पचेड़ा रोड अंकित विहार का रहने वाला है। यह पहले जागरण मंडली में भजन गाता था। इसी दौरान सैनी गांव की एक शादीशुदा महिला से उसका परिचय हुआ था।
![]() |
एसएसपी डॉक्टर विपिन ताडा ने बताया- आरोपी शुभम पहले जागरण मंडली में भजन गाता था। |
महिला भी मंडली में भजन गाती थी। दोनों ने कुछ शोज भी साथ में किए थे। बाद में शुभम ने भजन गाना छोड़ दिया। उसने कोई और काम शुरू कर दिया। महिला विधवा है, जिसके पति की 1 साल पहले मौत हो गई थी। पड़ोसियों ने बताया- शुभम अक्सर प्रेमिका से मिलने दरोगा की वर्दी पहनकर उसके घर आया करता था। महिला के घर वालों जब विरोध करते तो उन्हें फर्जी केस में फंसाने की धमकी देता था। गुरुवार को सुबह 10 बजे वह महिला से मिलने उसके घर आया था। सुबह से शाम तक शुभम महिला के घर पर ही रहा।
शाम को जब शुभम महिला के घर के आंगन में था। तभी छत पर झाड़ू लगा रही उसकी सास ने उसे देख लिया। वह चिल्लाने लगी। इसके बाद पड़ोसी भी मौके पर इकट्ठा हो गए। महिला के ससुर ने फौरन थाने पर सूचना देकर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने उससे पूछताछ की तब पता चला कि वह नकली दरोगा है।
महिला के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह घटना के बाद शुक्रवार सुबह 9 बजे से गायब है। वह दो युवकों के साथ बाइक पर बैठकर कहीं चली गई है। वह कहां गई है, ये हम लोगों को भी नहीं पता है।
हमारे बेटे की एक साल पहले मौत हो चुकी है। इसी के बाद से शुभम घर पर आने लगा था। वह घर पर अपने तीन बच्चों के साथ रहती है। अभी बच्चे हम लोगों के साथ ही हैं। इस घटना के बाद से हम लोग काफी टेंशन में हैं।
चौकीदारी की नौकरी से आया दरोगा बनने का आइडिया
शुभम राणा ने पुलिस को बताया- वह पहले वन विभाग में चौकीदार का काम करता था। उसे ड्रेस पहनकर चौकीदारी करनी पड़ती थी। वहीं से उसे फर्जी दरोगा बनने का आइडिया आया। वह वर्दी पहनकर लोगों पर रौब गांठता था। उसने कहां से वर्दी ली और कहां सिलवाई, साथ ही फर्जी आई कार्ड कैसे बनवाया, इसकी पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
पुलिस के मुताबिक- आरोपी ने बताया कि वह सैनी गांव में आता-जाता था। लोगों से दरोगा बनकर मिलता था। उनसे कहता था कि उसकी पोस्टिंग नोएडा में है। लोगों को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देता और पैसे वसूलता था। उसके खिलाफ लोगों ने पुलिस में शिकायत की थी। पुलिस उसकी तलाश में थी।
नकली ID कार्ड, नेम प्लेट बरामद हुआ
एसएसपी विपिन तांडा ने बताया- आरोपी की तलाशी ली गई। उसके पास से पुलिस की वर्दी, नेम प्लेट, अंगोछा, पुलिस कैप, फर्जी पुलिस परिचय पत्र और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। उसके फोन में वर्दी में खिंचवाई गई तस्वीरें मिलीं हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।