गाजीपुर में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से ऊपर, कई मार्गो पर जलभराव
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु को पार कर गया है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, शाम 6 बजे नदी का जलस्तर 61.690 मीटर दर्ज किया गया। यह सामान्य जलस्तर 59.906 मीटर से अधिक है।
नदी का पानी प्रति घंटे 3 सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है। चेतावनी बिंदु 61.550 मीटर है। खतरे का निशान 63.105 मीटर और उच्च बाढ़ स्तर 65.220 मीटर निर्धारित है।
पिछले साल 2023 में गंगा का उच्चतम जलस्तर 61.700 मीटर था। 2022 में 64.390 मीटर और 2021 में 64.680 मीटर दर्ज किया गया था। 2019 में नदी का जलस्तर 64.530 मीटर तक पहुंचा था।
जिला आपदा विशेषज्ञ अशोक राय के अनुसार, उत्तराखंड से आ रहे पानी और यूपी में हुई बारिश की वजह से नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। हालांकि, स्थिति अभी नियंत्रण में है।
रेवतीपुर-पथरा मार्ग से नसीरपुर और रेवतीपुर-गहमर बाइपास मार्ग से हसनपुरा गांव जाने वाले रास्तों पर करीब दो फीट पानी भर गया है। बाढ़ के पानी से कई बीघे खेत और फसलें डूबने लगी हैं। जिला प्रशासन एलर्ट मोड में आ गया है।