Today Breaking News

राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह का हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस ने समझाकर लौटाया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने लखनऊ के हजरतगंज इलाके के सिल्वर ओक अपार्टमेंट में हाई वोल्टेज ड्रामा किया। मंगलवार देर रात भानवी अपनी मां से मिलने पहुंची थीं, लेकिन परिवार के लोगों ने फ्लैट का गेट नहीं खोला। इसके बाद उन्होंने अपार्टमेंट के बाहर एक घंटे तक हंगामा किया।
ये तस्वीर राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह की है।
मामला बिगड़ता देख भानवी सिंह की बहन ने पुलिस को कॉल किया। थोड़ी ही देर में हजरतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। रात 12 बजे किसी तरह समझा-बुझाकर भानवी को शांत कराया गया और उन्हें वापस भेज दिया। 
सिल्वर ओक अपार्टमेंट स्थित फ्लैट पर राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह पहुंचीं, लेकिन परिवार ने गेट नहीं खोला।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हंगामे के दौरान अपार्टमेंट के बाहर काफी भीड़ जमा हो गई थी। उनमें से कई लोग वीडियो बनाने में जुटे थे।
हजरतगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया, लेकिन किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी।

कौन हैं भानवी सिंह
भानवी बस्ती राजघराने के कुंवर रवि प्रताप सिंह की तीसरी बेटी हैं। उनका जन्म 10 जुलाई, 1974 को बस्ती में हुआ था। उन्होंने बस्ती और लखनऊ में पढ़ाई की। भदरी रियासत के राजा उदय प्रताप सिंह के बेटे रघुराज प्रताप सिंह से उनकी शादी हुई। दोनों के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे शिवराज प्रताप सिंह, बृजराज प्रताप सिंह और दो बेटियां राघवी और बृजेश्वरी सिंह हैं।

1995 में हुई थी शादी
राजा भैया की भानवी सिंह के साथ साल 1995 में शादी हुई थी। शादी के समय राजा भैया करीब 25 साल के थे। कुछ सालों से दोनों के रिश्तों में दरार आना शुरू हो गई थी। इस बीच भानवी सिंह राजा भैया से अलग होकर अपने दिल्ली स्थित आवास पर रहने लगी थीं। नवंबर, 2022 में भानवी सिंह ने दिल्ली के साकेत कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दायर की थी। उन्होंने क्रूरता के आधार पर तलाक मांगा था। कहा था कि उन्होंने घर छोड़ दिया है। भानवी सिंह ने कोर्ट में राजा भैया पर मारपीट और अवैध संबंध का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि सितंबर, 2020 से ही राजा भैया ने उन्हें घर में आने से मना कर दिया है।

राजा भैया से ज्यादा अमीर हैं भानवी
राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह बिजनेस करती हैं। उनके पास राजा भैया से ज्यादा संपत्ति है। 2017 के चुनाव में राजा भैया ने अपने हलफनामे में 14 करोड़ की संपत्ति का जिक्र किया था। इसमें से 7.2 करोड़ की संपत्ति पत्नी भानवी के नाम, जबकि 6 करोड़ की संपत्ति राजा भैया के नाम थी।
 
 '