Today Breaking News

गाजीपुर डीएम और एसपी ने जिला कारागार का किया निरीक्षण, कैदियों की समस्याएं सुनीं

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने जिला कारागार का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने कारागार चिकित्सालय, महिला और पुरुष बैरक तथा रसोई घर का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बैरक में रहने वाले कैदियों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछताछ की। कुछ कैदियों ने अपनी समस्याएं बताईं। जिलाधिकारी ने इन समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश कारागार अधीक्षक को दिए।

अधिकारियों ने जेल अस्पताल में मौजूद चिकित्साकर्मियों से उपलब्ध दवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। किचन में जाकर कैदियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की। हवालात कार्यालय में अभिलेखों की भी जांच की गई।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने महिला और अल्पवयस्क बैरक में जाकर वहां के कैदियों से बातचीत की। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि उन्हें कोई समस्या तो नहीं है। नियंत्रण कक्ष में जाकर संचालित सीसीटीवी कैमरे की निगरानी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि जेल के अंदर किसी भी दशा में मोबाइल या अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का प्रवेश न होने पाए। इसके लिए रोस्टर बनाकर नियमित चेकिंग अभियान चलाने को कहा। उन्होंने महिला बंदीगृह में दी जा रही सुविधाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी ली।
 
 '