गाजीपुर में शुरू हुआ विशाल वृक्षारोपण अभियान, 43 लाख 64 हजार पौधे लगेंगे
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में 'एक पेड़ मां के नाम' 2.0 वृक्षारोपण महाअभियान 2025 की शुरुआत हो गई है। इस अभियान के तहत जनपद में कुल 43 लाख 64 हजार 100 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
जिलाधिकारी ने एक नई पहल करते हुए जनपद के 16 विकास खंडों और 7 तहसीलों की 303 ग्राम पंचायतों में मियावाकी पद्धति से पौधरोपण का कार्य शुरू किया है। यह जापानी तकनीक पौधों को घने तरीके से लगाने की विधि है। इससे पौधे एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करते हुए तेजी से बढ़ते हैं।
इस पद्धति के कई फायदे हैं। यह पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद करती है। जलवायु परिवर्तन के प्रभाव कम होते हैं। जल संचयन बढ़ता है और भूजल स्तर में सुधार होता है। साथ ही जैव विविधता बढ़ती है और वन्यजीवों को आवास मिलता है।
वृक्षारोपण में सबसे बड़ी भूमिका पांच विभागों की है। वन विभाग 10.50 लाख, ग्राम्य विकास 21.30 लाख, कृषि विभाग 5.71 लाख, उद्यान 2.21 लाख और पर्यावरण विभाग 1.51 लाख पौधे लगाएगा। इनके अलावा नगर विकास, रेशम, उच्च शिक्षा, लोक निर्माण समेत कुल 16 विभाग इस अभियान में शामिल हैं।
ग्राम्य विकास विभाग 21.30 लाख विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाएगा। इसके लिए ग्राम पंचायतों में 130 स्थल चिह्नित किए गए हैं। कुल मिलाकर जनपद में 7,931 स्थलों पर वृक्षारोपण होगा।