पत्नी ने बेटी के साथ मिलकर पति का मर्डर कराया, एक का प्रेमी तमंचा लाया, दूसरे के आशिक़ ने मारी गोली
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मेरठ. मेरठ में एक महिला ने अपने प्रेमी से पति की हत्या करा दी। वारदात में बेटी भी शामिल रही। दोनों ने अपने-अपने प्रेमियों को हत्या के लिए उकसाया। हत्या का पूरा प्लान बनाया। इसके बाद दोनों युवकों ने मिलकर गोली मारकर हत्या कर दी।
![]() |
यह फोटो गिरफ्तार मां -बेटी की है। दोनों को जेल भेज दिया गया है। |
14 दिन बाद रविवार को इस केस का पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने मृतक सुभाष की पत्नी कविता, बेटी सोनम, दोनों के प्रेमी और एक दोस्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। 23 जून को जानी थाना क्षेत्र में किसान सुभाष की लाश मिली थी। 4 टीमें उसी दिन से हत्याकांड के आरोपियों को तलाश में लगी थी।
अब विस्तार से पढ़िए...
जानी खुर्द के भूपगढ़ी गांव में किसान सुभाष अपनी पत्नी कविता और 4 बच्चे के साथ रहता था। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। दूसरे नंबर की बेटी सोनम बीए फाइनल की छात्रा है। तीसरे नंबर पर बेटा आयुष है, जो 11वीं में पढ़ता है। सबसे छोटा बेटा वंश 10वीं में पढ़ता है।
23 जून सुभाष खेत गया था। वहां उसे गोली मारी गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सुभाष ने वहां से गुजर रहे सिवाल खास के युवक से मदद मांगी। युवक ने तुरंत 112 और गांव में परिचितों को फोन कर सूचना दी।
पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, लेकिन अगले दिन तड़के करीब साढ़े चार बजे इलाज के दौरान सुभाष ने दम तोड़ दिया। सुभाष के बेटे आयुष ने अज्ञात में मुकदमा कराया था।
पुलिस पूछताछ में सामने आई सच्चाई
सुभाष को गोली किसने मारी, पुलिस इस सवाल का जवाब तलाश रही थी। मां कविता, बेटी सोनम ने 13 दिनों तक सच्चाई दबाए रखी। कुछ न पता होने का नाटक करती रहीं।
गांव में पूछताछ करने पर पुलिस को पता चला कि सुभाष की पत्नी कविता का गांव में ही रहने वाले गुलजार से अवैध संबंध है। वहीं, बेटी सोनम का ब्रह्मपुरी निवासी विपिन से दोस्ती है। इस तरह पुलिस ने चारों से पूछताछ की तो पूरा सच सामने आ गया।
पुलिस के मुताबिक, कविता का गुलजार से अफेयर चल रहा है। गुलजार और सुभाष का खेत आसपास है। अक्सर कविता खेत पर जाती तो गुलजार से मिलती। वहीं से दोनों की दोस्ती और नजदीकी बढ़ती चली गई। कविता-गुलजार में बातें होने लगी। दोनों अक्सर मिलने जुलने लगे। सुभाष को पत्नी पर शक हो गया था। इसलिए वो कविता से पूछताछ करता था।
![]() |
यह फोटो मृतक किसान सुभाष की है। जिसकी हत्या उसकी पत्नी और बेटी ने करवाई। |
बड़ी बेटी को देखकर छोटी भी बिगड़ी
वहीं, सुभाष की बड़ी बेटी ने परिवार के खिलाफ जाकर लव मैरिज कर ली थी। बड़ी बेटी ने दलित युवक से अंतरजातीय विवाह कर लिया। जबकि सुभाष इसके सख्त खिलाफ था। फिर भी बड़ी बेटी नहीं मानी। शादी कर ली। बड़ी बहन को देखकर छोटी बहन सोनम भी इसी राह पर चल पड़ी। वह मेरठ में शारदा रोड स्थित कनोहर लाल पीजी कॉलेज में बीए में पढ़ती है।
बेटी को सोशल मीडिया पर हुई मोहब्बत
सोनम के कॉलेज के पास ही एक दूध की दुकान है। जहां ब्रह्मपुरी निवासी विपिन काम करता है। आते-जाते दोनों अक्सर एक दूसरे को देखते थे। लेकिन दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफार्म टेलिग्राम के जरिए हुई। टेलिग्राम पर सोनम-विपिन में बातचीत हुई और नजदीकी बढ़ती चली गई। दोनों ने शादी करने का प्लान बना लिया।
मां की प्रेम कहानी पता चलने पर सोनम मां को ब्लैकमेल करती थी। उसने कहा था, अगर मां ने उसकी शादी विपिन से नहीं कराई तो वो अपनी मां की लवस्टोरी सब को बता देगी। मां, बेटी दोनों को एक दूसरे की प्रेम कहानी का पता चल चुका था। दोनों की प्रेम कहानी में सुभाष रोड़ा बन चुका था। क्योंकि वो पत्नी कविता और बेटी सोनम दोनों को डांटता।
दोनों पर नजर रखता था। मां बेटी इसी बात से परेशान हो गई। दोनों ने सोचा कि प्यार को पाना है, तो सुभाष को रास्ते से हटाना पड़ेगा। इसके बाद दोनों ने मिलकर सुभाष की हत्या करने का मन बनाया और प्रेमियों संग मिलकर इसका प्लान बनाया।
![]() |
आरोपी विपिन, शुभम और गुलजार को पुलिस ने अरेस्ट किया। |
ये थी हत्या की पूरी प्लानिंग
पुलिस पूछताछ मे सामने आया कि सोनम, कविता दोनों ने अपने-अपने प्रेमियों से सुभाष को रास्ते से हटाने की बात बताई। चारों लोग मिले और सुभाष की हत्या करने को राजी हो गए। इसके लिए सोनम के प्रेमी विपिन ने अपने दोस्त अजगर उर्फ शुभम को तैयार किया। 5 दिन तक ये पांचों लोग सुभाष की हत्या का मौका तलाशते रहे।
अजगर ने मारी गोली, विपिन लाया तमंचा
जब 23 जून को सुभाष शाम को खेत में पानी लगाने गया तो मां, बेटी ने अपने-अपने प्रेमियों को वॉट्सऐप कॉल के जरिए बताया कि सुभाष निकल गया है। आज सही मौका है, इसका काम खत्म कर दो। इसके बाद विपिन तमंचा, कारतूस लेकर बाइक से आया।
यहां रास्ते में उसने अजगर को तमंचा, कारतूस दिए और खुद बाइक चलाने लगा। बाइक लेकर विपिन नहर पटरी के पास पहुंचा। जहां सुभाष को देखकर अजगर ने उसे पीछे से गोली मार दी। गोली सुभाष के कमर पर लगी। इसके बाद दोनों बाइक से फरार हो गए।
दोनों को अपने प्रेमियों से शादी करनी थी
पुलिस पूछताछ में पता चला कि इन पांचों ने नहीं सोचा था कि पुलिस इस मामले में इतनी तह तक जाकर जांच करेगी। ये सोचकर बैठे थे कि मामला शांत हो जाएगा। इसके बाद मां कविता प्रेमी गुलजार और बेटी सोनम आराम से प्रेमी विपिन से शादी कर लेगी। सब खुशी से रहेंगे। इस पूरे प्लान की जानकारी दोनों बेटों आयुष और वंश को जरा भी नहीं थी। लेकिन पुलिस पूरे मामले की अंदर तक जांच में जुटी तो सारा सच सामने आया।
सुभाष की लाश पर रोती रही मां, बेटी
सुभाष की हत्या के बाद ये पांचों लोग आराम से नॉर्मल जिंदगी जी रहे थे। सोनम, कविता घर में मातम मना रही थीं। कविता विधवा होने का गम दिखाती रही। बेटी सोनम भी पिता के मरने पर दुख का ढोंग करती रही। पुलिस ने इस बीच इनसे जब भी कुछ पूछा तो इन लोगों ने कुछ नहीं बताया। इस बीच गुलजार भी शोक प्रकट करने सुभाष के घर आता उसकी पत्नी, बच्चों से बात करता रहा।
विपिन, अजगर की लोकेशन घटनास्थल पर मिली
पुलिस ने जब घरवालों की कॉल डिटेल और लोकेशन को चेक किया तो पूरा सच परत दर परत सामने आया। गांववालों ने पत्नी कविता के गुलजार से संबंधों की बात बताई। वहीं मां, बेटी की कॉल डिटेल में विपिन और गुलजार का नंबर बार-बार सामने आया।
वहीं हत्या वाले दिन प्रेमी विपिन और एक अन्य की लोकेशन उसी जगह की मिली जहां सुभाष को गोली मारी गई थी। कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर पुलिस ने विपिन, गुलजार और मां, बेटी को पकड़ा। तब पूछताछ में इन्होंने अजगर का नाम भी बताया। अजगर की लोकेशन भी हत्या वाली जगह की निकली।
वॉट्सऐप कॉल पर 13 दिन से हो रही थी बातें
सुभाष की हत्या के बाद खुद को पुलिस से बचाने के लिए विपिन, कविता, सोनम और गुलजार चारों लोग वॉट्सऐप कॉल तो कभी फेसबुक और इंस्टाग्राम कॉलिंग के जरिए बात कर रहे थे। लगातार चारों लोग आपस में कांटेक्ट में थे। लगातार ऑनलाइन चैटिंग और ऑनलाइन कॉलिंग पर बातें हो रही थीं।
पुलिस ने जब इनके मोबाइल चैक किए तो सारी चैटिंग डिटेल भी सामने निकल आई। जिसमें लंबी-लंबी चैटिंग और काफी-काफी देर तक ऑनलाइन कॉलिंग का रिकार्ड मिला है। इसके बाद पुलिस ने इन चारों से पूछताछ की तो पांचवां नाम भी सामने आ गया। पुलिस ने पांचों को अरेस्ट कर लिया।
विपिन ने फोन पर सोनम से कहा- डार्लिंग काम हो गया
जब विपिन और अजगर ने मिलकर सुभाष को गोली मार दी, उसके बाद विपिन ने सोनम को फोन किया। गर्लफ्रेंड को फोन करके विपिन ने उससे कहा कि काम हो गया। डार्लिंग अब चिंता करने की जरूरत नहीं। इसके बाद विपिन, अजगर भाग गए। तमंचा भी छिपा दिया। पुलिस ने तमंचा भी बरामद कर लिया है।
प्रेमी से बोली- बेटी मैंने पापा के साथ गलत कर दिया
पुलिस को सोनम-विपिन की सुभाष की हत्या के बाद की लंबी चैटिंग मिली है। जिसमें सोनम ने विपिन से कहा- मैंने पापा के साथ गलत कर दिया। विपिन ने कहा कि तुम परेशान मत हो बाबू हम हैं...। सोनम, विपिन और गुलजार को पुलिस के हर मूवमेंट और घटना का अपडेट देती रहती।
उसने यह भी बताया कि पुलिस ने कहा है कि 7 जुलाई तक वो हत्यारों को पकड़ लेंगे। आज पुलिस ये जांच कर रही है ये भी बताती रही। इसके बाद भी विपिन ने सोनम से कहा कि तुम टेंशन मत लो बाबू मैं सब ठीक कर दूंगा। हम हैं...।
बेटी, पत्नी ने प्रेमियों संग मिलकर की हत्या
एसपी देहात डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया- किसान सुभाष की हत्या मामले में आरोपियों की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगी थीं। जो उसी दिन से लगातार पूछताछ कर रही थी। परिवार और परिचितों के फोन कॉल्स की जांच भी की जा रही थी। पूछताछ और कॉल डिटेल की जांच के जरिए पुलिस ने 5 आरोपियों को अरेस्ट किया है।
इसमें मृतक किसान सुभाष की पत्नी कविता, बेटी सोनम, कविता का प्रेमी गुलजार, सोनम का प्रेमी विपिन और विपिन का एक दोस्त अजगर उर्फ शुभम शामिल हैं। इन सभी ने मिलकर सुभाष की हत्या की है। इनको अरेस्ट कर लिया गया है।