Today Breaking News

प्रेमी के के इश्क़ में बेटी की हत्याकर पुलिस से बोली- पति ने मार दिया; जेठ, सास और ननदों को भिजवा चुकी है जेल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. लखनऊ में एक मां ने पति को फंसाने के लिए अपनी 7 साल की बेटी की हत्या कर दी। वह लिव-इन में प्रेमी के साथ रहती थी। वारदात के बाद मां ने पुलिस को कॉल की। कहा- पति ने बेटी की हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पुलिस की पूछताछ में मां बार-बार बयान बदल रही थी। पुलिस ने सख्ती की तो उसने गुनाह कबूल लिया। वारदात 14-15 जुलाई की रात कैसरबाग के खंदारी बाजार इलाके की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मां का नाम रोशनी उर्फ नाज है। करीब 10 साल पहले उसकी शादी शाहरुख खान नाम के युवक से हुई थी। दोनों की 7 साल की बेटी सायनारा उर्फ सोना थी। कुछ साल पहले रोशनी का उदित जायसवाल नाम के युवक के साथ अफेयर हो गया।

रोशनी ने मई में पति को मारपीट कर घर से निकाल दिया था। सास, दोनों ननद और जेठ को अलग-अलग मुकदमों में जेल भिजवा दिया था। उसके बाद से अपने ही घर में उदित के साथ लिव-इन में रहने लगी थी। इंस्पेक्टर कैसरबाग ने बताया कि रोशनी ने बेटी की हत्या की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। उसने कहा कि पति शाहरुख ने बेटी की हत्या कर दी। मौके पर जांच पड़ताल की गई तो रोशनी की बात झूठ निकली। पता चला कि रोशनी का पति से विवाद चल रहा था। वह बेटी से मिलने आया था तो दोनों के बीच बहस हो गई।

पति को फंसाने के लिए उसने गला दबाकर बेटी की हत्या कर दी। फिर पुलिस को कॉल की। आरोपी महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। जिस कमरे में बच्ची की लाश मिली है, उसे सील कर दिया गया है।

खंदारी बाजार निवासी रोशनी उर्फ नाज ने 14-15 जुलाई की रात तीन बजे पुलिस कंट्रोल रूम में 7 साल की बेटी की हत्या की सूचना दी। उसने बताया कि उसके पति शाहरुख ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी है। विरोध करने पर उसके साथ भी मारपीट की है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

बच्ची का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और छानबीन शुरू की। रोशनी बार-बार बयान बदलने लगी। इससे उस पर शक गहरा गया। पुलिस उसको हिरासत में लेकर थाने ले गई। जहां प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसका पति से करीब दो साल से विवाद चल रहा है। पति अमीनबाद में किराए के मकान में रहता है। उसने रोशनी के खिलाफ 18 मई को मुकदमा भी दर्ज कराया था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि रोशनी की करीब 10 साल पहले खंदारी निवासी शाहरुख से शादी हुई थी। तभी से दोनों खंदारी में रहते थे। शाहरुख की मां परवीन ने घर को बिल्डर की मदद से चार फ्लोर का बनवाया था। जिसमें पहली और चौथी फ्लोर पर वो परिवार के साथ रहती थी। दो फ्लोर बेच दिया था। रोशनी ने जेठ सलमान पर बेटी के साथ रेप, सास और दोनों ननद रुखसार और रूमी पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर करवा कर जेल भिजवा दिया था।

पड़ोसियों का कहना है कि रोशनी का चाल-चलन ठीक नहीं है। उसे डांसर नाम से भी पुकारा जाता है। उसने पूरे परिवार को जेल भिजवाने के बाद घर के चौथी फ्लोर पर कब्जा कर लिया। वहां उदित के साथ रहने लगी। उदित के साथ रोशनी के घर आए दिन अन्य आवारा लोगों का आना-जाना होने लगा। कई बार पुलिस भी आई।

इसका पति शाहरुख ने विरोध किया। मई में उसने पति शाहरुख को बुरी तरह से मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसके बाद से पति किराए के मकान में रहने लगा। शाहरुख ने रोशनी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था।

स्थानीय निवासी शराफत अली ने कहा कि बुधवार सुबह बेटी को स्कूल छोड़ने के लिए निकला। रास्ते में लोगों ने बताया कि रोशनी की बेटी की हत्या कर दी गई है। रात में ही पुलिस आ गई थी। पुलिस रोशनी को अपने साथ ले गई है।
 
 '